धनबाद। रेल क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे “ऑपरेशन सतर्क” के तहत धनबाद स्टेशन पर पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में निरीक्षक प्रभारी द्वारा गठित टास्क टीम एवं CIB/DHN की संयुक्त कार्रवाई में एक शराब तस्कर को भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब के साथ गिरफ्तार किया गया।
दिनांक 02/03/2026 की देर रात आपराधिक गश्त और गुप्त निगरानी के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि प्लेटफॉर्म संख्या-02 के कालका छोर पर एक युवक संदिग्ध अवस्था में लाल रंग का ट्रॉली बैग लिए खड़ा है। सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और युवक को घेरकर पूछताछ की। उसने अपना नाम नितेश कुमार सिंह, निवासी तकिया गुमटी, वार्ड संख्या-14, थाना सासाराम, जिला रोहतास (बिहार) बताया।
जब ट्रॉली बैग की तलाशी ली गई तो उसमें से कुल 48 बोतल Royal Stag अंग्रेजी शराब बरामद हुई। प्रत्येक बोतल 375 एमएल की थी और कीमत 410 रुपये अंकित थी। इस प्रकार कुल 18,000 एमएल शराब जिसकी अनुमानित कीमत 19,680 रुपये है, जब्त की गई। सभी बोतलों पर “For Sale in Jharkhand” लिखा हुआ पाया गया, जिससे स्पष्ट हुआ कि शराब को राज्य से बाहर अवैध रूप से ले जाया जा रहा था।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह उक्त शराब को बिहार ले जाकर ऊंचे दामों पर बेचने की योजना बना रहा था। शराब से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर मौके पर ही विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए सउनि सुशील कुमार (CIB/DHN) द्वारा जब्ती सूची तैयार कर शराब को जब्त कर लिया गया।
मानवाधिकार के सभी नियमों का पालन करते हुए आरोपी की गिरफ्तारी एवं जामा तलाशी रिपोर्ट तैयार की गई तथा उसके परिजनों को गिरफ्तारी की सूचना दी गई। इसके बाद जब्त शराब, आवश्यक कागजात एवं गिरफ्तार आरोपी को लेकर 03/03/2026 को रात्रि 00:05 बजे पोस्ट पर आमद दर्ज की गई।

