पटना, 23 जनवरी 2025: भारत सरकार के स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा संचालित 100 दिवसीय टी.बी. मुक्त भारत जन-जागरूकता भागीदारी अभियान के अंतर्गत केंद्रीय सुपर स्पेशियलिटी चिकित्सालय, पटना में 22 जनवरी 2025 को एक महत्वपूर्ण चिकित्सा शिक्षा कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता चिकित्सा निदेशक डॉ. सुबोध कुमार मिश्रा ने की। इस अवसर पर डॉ. रवि प्रकाश, अ.मु.स्वा. निदेशक/सोनोलॉजिस्ट ने अल्ट्रासाउंड जांच के माध्यम से टी.बी. के निदान एवं उपचार से संबंधित विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने अपने प्रजेंटेशन में बताया कि किस प्रकार अल्ट्रासाउंड तकनीक टी.बी. के शीघ्र और सटीक निदान में सहायक सिद्ध हो सकती है।
इस आयोजन में अस्पताल के विभिन्न विभागों के चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे, जिन्होंने इस विषय पर गहन चर्चा की और टी.बी. उन्मूलन के प्रयासों को गति देने पर बल दिया।
टी.बी. उन्मूलन जागरूकता अभियान जारी
आज 23 जनवरी 2025 को भी जन-जागरूकता अभियान के तहत चिकित्सालय परिसर में टी.बी. रोकथाम और उपचार से संबंधित सूचनात्मक पोस्टर लगाए गए, जिनका उद्देश्य आमजन को टी.बी. के लक्षण, बचाव और उपचार के प्रति जागरूक करना है।
अस्पताल प्रशासन द्वारा जनता से अपील की गई कि वे टी.बी. के प्रारंभिक लक्षणों को पहचानें और समय पर जांच एवं उपचार करवाकर स्वस्थ जीवन की ओर कदम बढ़ाएं।