बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की पत्नी कुमारी ममता चौधरी ने दो दिन पहले मुंगेर जिले का दौरे किया। सीएम की पत्नी ममता ने मुंगेर के टेटिया बंबर, धरहरा और बरियारपुर प्रखंडों में नवस्थापित तीन राजकीय डिग्री कॉलेजों का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने मुंगेर के असरगंज और संग्रामपुर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच स्थानीय लोगों और भाजपा कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर जनसुनवाई की। अब, उनके इस दौरे और साथ चल रहे भारी सुरक्षा काफिले को लेकर राज्य में सियासी घमासान शुरू हो गया है।
आरजेडी ने पूछा- सीएम की पत्नी कौन से संवैधानिक पद पर?
आरजेडी ने इस पूरे मामले पर निशाना साधा। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर सरकार पर कई सवाल उठाए। आरजेडी ने अपने पोस्ट में लिखा- “मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की पत्नी कौन से संवैधानिक पद पर हैं? किस नियम के तहत उन्हें सरकारी प्रोटोकॉल दिया जा रहा है? उनके साथ इतनी गाड़ियों का काफिला और पुलिस बल क्यों चल रहा है? एसपी उनके काफिले में क्यों चल रहे हैं?”
आरजेडी बोली- क्या सरकार के भीतर ‘किचन कैबिनेट’ चल रहा है?
राजद ने आगे सवाल किया, “मुख्यमंत्री की पत्नी किस अधिकार से शिक्षण संस्थानों का निरीक्षण कर रही हैं? क्या बिहार के शासन-प्रशासन का काम अब परिवार के लोगों को सौंप दिया गया है? क्या सरकार के भीतर अलग से ‘किचन कैबिनेट’ चल रही है?”
विपक्षी नेताओं की सुरक्षा कम कर सीएम के परिवार को दी जा रही-आरजेडी
आरजेडी ने यह भी आरोप लगाया कि विपक्षी नेताओं की सुरक्षा कम कर मुख्यमंत्री के परिवार को ज्यादा सुरक्षा दी जा रही है। आरोप लगाया है कि राज्य के खर्चे पर उनके साथ गाड़ियों का काफिला, एसपी और भारी संख्या में पुलिसकर्मी चल रहे हैं।

