बिहार में भ्रष्टाचार और लापरवाही फिर उजागर, पटना में बिना पिलर के मिट्टी में बन रहा पुल ढहा

Neelam
By Neelam
2 Min Read

बिहार में एक बार फिर पुल निर्माण में भ्रष्टाचार और लापरवाही का मामला सामने आया है। पटना के दानापुर स्थित ढिबरा इलाके में निर्माणाधीन पुल गिर गया है। घटिया निर्माण सामग्री और लापरवाही की पोल खोलते हुए यह पुल अचानक भरभराकर गिर पड़ा, जिसके नीचे काम कर रहे दो मजदूर दब गए।

पुल का ढांचा ताश के पत्तों की तरह ढहा

जानकारी के अनुसार विजय सिंह पथ से ढिबरा तक सड़क और पुल का निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान पुल का ढांचा ताश के पत्तों की तरह ढह गया। मलबे में दबे दो मजदूरों में से एक को जेसीबी की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। घायल मजदूर को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। 

ग्रामीणों ने खोली धांधली की पोल

ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में हो रही धांधली की पोल खोली है। ग्रामीणों के मुताबिक, पुल का निर्माण बिना मजबूत बेस और पिलर के सीधे मिट्टी पर किया जा रहा था। इतना ही नहीं, निर्माण में सरिया तक का इस्तेमाल नहीं किया गया, जिससे पूरी संरचना कमजोर हो गई थी। यही लापरवाही हादसे की बड़ी वजह बनी।

ग्रामीणों में आक्रोश 

एक पुल गिर चुका है, जबकि दूसरा भी उसी तर्ज पर तैयार किया गया है, जिससे ग्रामीणों में डर और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और संबंधित ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही, दूसरे पुल की जांच कर तत्काल निर्माण कार्य रोकने की भी अपील की है, ताकि कोई और बड़ा हादसा होने से रोका जा सके।

Share This Article