रामगढ़: जिले की विभिन्न जन समस्याओं को लेकर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (CPI) की रामगढ़ जिला परिषद के बैनर तले सोमवार को जोरदार प्रदर्शन किया गया। कार्यकर्ताओं ने NH-33, पटेल चौक और बिरसा चौक से होते हुए उपायुक्त कार्यालय तक मार्च निकाला और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए 13 सूत्री मांगों का ज्ञापन उपायुक्त को सौंपा।
धरना-प्रदर्शन की अध्यक्षता वरिष्ठ नेता कमालुद्दीन अंसारी ने की, जबकि संचालन रामगढ़ प्रखंड सचिव चितरंजन महतो ने किया। कार्यक्रम में पार्टी के प्रदेश सचिव महेंद्र पाठक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
धरना को संबोधित करते हुए महेंद्र पाठक ने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी और भुखमरी से आम जनता परेशान है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियां गरीब विरोधी हैं। उन्होंने कुज्जू के मल्हार टोला के परिवारों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि तीन पीढ़ियों से जंगल की जमीन पर रहने के बावजूद उन्हें वन पट्टा और अन्य मूलभूत सुविधाएं नहीं मिली हैं। उन्होंने प्रशासन से मानवता के आधार पर राशन कार्ड जारी रखने और प्रभावित परिवारों को जमीन उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन और तेज किया जाएगा।
सीपीआई ने अपने 13 सूत्री मांग पत्र में दलित परिवारों को जाति प्रमाण पत्र एवं राशन कार्ड, वन पट्टा, भूमि बैंक समाप्त करने, गैर मजरूआ जमीन की रसीद चालू करने, सड़क निर्माण, भैरवी जलाशय नहर के पुनः अधिग्रहण, वैकल्पिक खेती की व्यवस्था, बंद जल मीनारों की मरम्मत, सड़क चौड़ीकरण, मतदाता सूची में नाम जोड़ने, प्रदूषण नियंत्रण, स्थानीय लोगों को रोजगार, न्यूनतम मजदूरी की गारंटी तथा CCL आउटसोर्सिंग में श्रमिकों के हितों की रक्षा जैसी मांगें प्रमुख रूप से उठाईं।
प्रदर्शन में नेमन यादव, मेवा लाल प्रसाद, कयूम मलिक, गंगानाथ चौधरी, डॉ. बी.एन. ओहदार, तुलसी करमाली, संतोष महतो, मनोज महतो, राजेंद्र कुमार, राज किशोर बेदिया, शांति देवी, गीता देवी, मनोज पहन, अविनाश विद्या, मनभरण मल्हार, शंकर मल्हार, पंकज मल्हार, पवन मल्हार सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।

