डिजिटल डेस्क/कोलकाता। कोलकाता के दक्षिणी हिस्से सरसुना इलाके में हुई एक सनसनीखेज चोरी ने पुलिस और आम जनता दोनों को हैरान कर दिया है। यहां एक 20 वर्षीय कंप्यूटर एप्लीकेशन के छात्र को अपने ही परिचित के घर में 2 करोड़ रुपये के स्वर्ण आभूषण और 26.5 लाख रुपये की नकदी चोरी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। जांच में जो सबसे चौंकाने वाला खुलासा हुआ, वह यह कि इस पूरी वारदात की ‘स्क्रिप्ट’ आरोपी ने ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर उपलब्ध क्राइम थ्रिलर और अपराध से जुड़ी कहानियों को देखकर तैयार की थी।
साजिश की गहराई
आरोपी, जिसे इलाके में ‘टुकली’ के नाम से जाना जाता है, बचपन से ही विलासितापूर्ण जीवन का शौकीन था। पुलिस के अनुसार, उसे कक्षा 11 में नकल करते हुए पकड़े जाने पर स्कूल से निकाल दिया गया था। कॉलेज पहुंचने के बाद भी उसका मन पढ़ाई में नहीं, बल्कि रातों-रात अमीर बनने के तरीकों में लगा रहता था। उसने अपनी प्रेमिका की एक सहेली के फ्लैट को अपना निशाना बनाया, क्योंकि उसे पता था कि वहां भारी मात्रा में नकदी और जेवर मौजूद हैं। चोरी को अंजाम देने के लिए उसने बाकायदा एक साबुन की टिकिया पर फ्लैट की चाबी का निशान लिया और उसकी नकली चाबी तैयार करवाई।
तकनीक का इस्तेमाल और गिरफ्तारी:
वारदात को ‘प्रोफेशनल’ तरीके से अंजाम देने के लिए उसने ऑनलाइन शॉपिंग साइट से एक इलेक्ट्रिक आरी और नोट गिनने वाली मशीन खरीदी। उसने आरी से लॉकर का पिछला हिस्सा काटा और 1.2 किलोग्राम सोना निकाल लिया। चोरी के तुरंत बाद उसने फ्लैट के अंदर ही मशीन से पैसे गिने और फरार हो गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल टावर लोकेशन की मदद से उसे ट्रैक किया और उसकी प्रेमिका के एक दोस्त के फ्लैट पर छापेमारी कर सारा सामान बरामद कर लिया।

