HomeधनबादDhanbadDhanbad: धनबाद जेल में डालसा द्वारा जेल अदालत और मेडिकल कैंप का...

Dhanbad: धनबाद जेल में डालसा द्वारा जेल अदालत और मेडिकल कैंप का किया गया आयोजन

संवाददाता, धनबाद: झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (झालसा) के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) ने मंगलवार को मंडल कारा धनबाद में जेल अदालत और मेडिकल कैंप का आयोजन किया। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार वीरेंद्र कुमार तिवारी के निर्देश पर यह कार्यक्रम संपन्न हुआ।

दो मामलों की हुई सुनवाई

डालसा के अवर न्यायाधीश सह सचिव राकेश रोशन ने बताया कि जेल अदालत में दो मामलों की सुनवाई की गई। इन मामलों को रेलवे के मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी मनोज कुमार और न्यायिक दंडाधिकारी विवेक राज के समक्ष प्रस्तुत किया गया। हालांकि, दोनों बंदियों पर पूर्व में भी वाद दायर होने के कारण उन्हें जेल अदालत के बेंच से रिहाई नहीं मिल सकी।

150 बंदियों का हुआ इलाज

इसके अलावा, झालसा के आदेशानुसार जेल में बंदियों के लिए मेडिकल कैंप भी लगाया गया। इसमें मेडिसिन विभाग के डॉ. राजीव कुमार सिंह, नेत्र विशेषज्ञ डॉ. सरोजिनी मुर्मू, और दंत विशेषज्ञ डॉ. अनुपमा ने 150 बंदियों का इलाज किया। इस दौरान मलेरिया जैसी गंभीर बीमारियों की दवाइयों का भी वितरण किया गया।

इस कार्यक्रम में जेल प्रशासन के साथ लीगल एट डिफेंस काउंसिल चीफ डॉ. कुमार विमलेंदु, काउंसिल के सहायक मुस्कान चोपड़ा, स्वाति कुमारी, कन्हैया लाल ठाकुर, शैलेंद्र झा, सुमन पाठक, डालसा के सहायक सौरभ सरकार, राजेश कुमार सिंह और अधिकार मित्र विशाल कुमार समेत कई अन्य लोग भी उपस्थित रहे।

Uday Kumar Pandey
Uday Kumar Pandeyhttps://mirrormedia.co.in
मैं उदय कुमार पाण्डेय, मिरर मीडिया के न्यूज डेस्क पर कार्यरत हूँ।

Most Popular