‘बेटी गई, बेटा भी…’नीट छात्रा के परिवार को एक हफ्ते में दूसरी धमकी

Neelam
By Neelam
2 Min Read

पटना के शम्भू गर्ल्स हॉस्टल में नीट की छात्रा की संदिग्ध मौत का मामला गहराता जा रहा है। एक तरफ जहां सीबीआई की टीम गहन जांच में जुटी है, वहीं दूसरी तरफ मृतका के परिजन को लगातार धमकियां मिल रही हैं। दूसरी बार घर के किचन से धमकी भरा पर्चा मिला है। इसके पहले भी किचन से ही धमकी भरा पर्चा मिला था। अब दूसरी बार धमकी मिलने के बाद परिवार और दहशत में है।

बेटे को भी मारने की धमकी

मंगलवार को मृत छात्रा के परिजनों को एक धमकी भरा पर्चा मिला। पर्चे में बड़े-बड़े अक्षरों में लिखा था, “न मानोगे, बेटी गई, बेटा भी मरेगा दो दिन में।” धमकी भरा यह नोट किसी अनजान व्यक्ति के द्वारा पीड़िता के खिड़की से घर में फेंका गया था। इस मैसेज के बाद पीड़ित परिवार ने इसकी तत्काल जानकारी पुलिस और सीबीआई अधिकारियों को दी है।

पहली बार 14 फरवरी को मिली थी धमकी

इससे पहले शनिवार को भी इस प्रकार का एक धमकी भरा पत्र परिजनों को मिला था। 14 फरवरी को उनके घर में ऐसा ही एक नोट फेंका गया था। जिसमें लिखा था, “ज्यादा तेज बनोगे तो उठा लिए जाओगे, मार दिए जाओगे।” इसकी सूचना मिलते ही शकुराबाद थानाध्यक्ष राहुल कुमार खुद गांव पहुंचे थे। पर्चे को जब्त कर जांच शुरू कर दी थी।

छात्रावास में अचेत अवस्था में मिली थी छात्रा

करीब 18 वर्षीय छात्रा पटना के एक निजी छात्रावास में रहकर पढ़ाई कर रही थी। पिछले महीने वो छात्रावास में अचेत अवस्था में मिली थी और कुछ दिनों बाद अस्पताल में उसकी मौत हो गई। फॉरेंसिक जांच में कथित तौर पर छात्रा के कपड़ों पर वीर्य के निशान पाए गए थे, जिसके बाद यह आरोप लगे कि उसे नशीला पदार्थ देकर यौन उत्पीड़न किया गया।

Share This Article