डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर: आम जनता की समस्याओं के त्वरित निष्पादन के लिए मंगलवार को उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने ‘जन शिकायत निवारण दिवस’ के अवसर पर जनता दरबार का आयोजन किया। जिला मुख्यालय स्थित अपने कार्यालय कक्ष में डीसी ने जिले के विभिन्न प्रखंडों और शहरी क्षेत्रों से आए 35 से अधिक नागरिकों से मुलाकात की और उनकी शिकायतों व सुझावो को विस्तार से सुना।
इन प्रमुख समस्याओं पर रहा फोकस
जनता दरबार में पहुंचे नागरिकों ने मांगपत्र के माध्यम से अपनी विभिन्न समस्याओं को उपायुक्त के समक्ष रखा।
स्वास्थ्य व शिक्षा: गंभीर बीमारियों के इलाज में सहायता और निजी स्कूलों में बच्चों की फीस से संबंधित मुद्दे।
जमीन विवाद: जमीन पर अवैध कब्जा, मुआवजा और भूमि विवाद से जुड़े मामले।
सरकारी योजनाएं: मंईयां सम्मान योजना का लाभ, राशन कार्ड और पेंशन संबंधी शिकायतें।
प्रशासनिक मामले: आर्म्स लाइसेंस, दुकान आवंटन और पार्किंग की समस्याएं।
डीसी का सख्त निर्देश: समय सीमा में हो शिकायतों का निपटारा
उपायुक्त ने संवेदनशीलता दिखाते हुए कई आवेदनों का ऑन द स्पॉट (मौके पर ही) समाधान किया। शेष आवेदनों को संबंधित विभागीय अधिकारियों को भेजते हुए उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जन शिकायत निवारण दिवस पर प्राप्त आवेदनों का निष्पादन हमारी प्राथमिकता है। सभी अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि हर आवेदन पर निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्रवाई हो।
नियमित समीक्षा से आएगी पारदर्शिता
डीसी कर्ण सत्यार्थी ने बताया कि वे केवल शिकायतों को सुन ही नहीं रहे हैं, बल्कि विभागीय समीक्षा बैठकों के दौरान इन प्राप्त आवेदनों की प्रगति की नियमित मॉनिटरिंग भी कर रहे हैं। इसका मुख्य उद्देश्य शासन और जनता के बीच की दूरी को कम करना और लोगों की समस्याओं का त्वरित व प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है।

