चाकुलिया में डीसी का एक्शन मोड: एक माह में बच्चों को दिलाएं आधार-बर्थ सर्टिफिकेट, लापरवाही पर दी चेतावनी

Manju
By Manju
4 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने प्रखंड क्षेत्र भ्रमण के क्रम में चाकुलिया प्रखंड अंतर्गत जमुआ और चंदनपुर पंचायत में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पंचायत अंतर्गत माचाडीह, शाखाभांगा, झरिया व जामुआ गांव में विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने ग्रामीणों व लाभुकों से भी सीधे संवाद स्थापित कर योजनाओं के क्रियान्वयन, उनकी उपयोगिता व प्राप्त हो रहे लाभों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजनाओं का क्रियान्वयन पारदर्शिता व गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित किया जाए, ताकि वास्तविक लाभ लक्षित लाभुकों तक समय पर पहुंच सके। मौके पर उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान, बीडीओ आरती मुंडा, सीओ व अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।

उपायुक्त ने कूप निर्माण, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) व अबुआ आवास योजना की प्रगति को देखा और लंबित कार्यो को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण कराने का निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिया। उन्होंने लाभुकों से कहा कि आवास योजनाओं में किस्तवार राशि प्राप्त होते ही राशि निर्माण कार्य में लगायें। निर्माण सामग्रियों की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के लिए लाभुकों को सहयोग, जिओ टैग के बाद नियमित अंतराल में भुगतान, निर्माण कार्य की मॉनिटरिंग का निर्देश पदाधिकारियों को दिया गया। इसके अलावा उपायुक्त ने आंगनबाड़ी केंद्र का भी निरीक्षण किया। उन्होंने सेविका व सहायिका को निर्देशित किया कि बच्चों को नियमित रूप से पोषाहार उपलब्ध कराया जाएम उनके वजन व स्वास्थ्य संबंधी आंकड़ों की सही और समय पर प्रविष्टि पोषण ट्रैकर में सुनिश्चित की जाए।

प्रखंड मुख्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान उपायुक्त ने सभी पदाधिकारियों व कर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सरकार की प्राथमिकता वाली योजनाओं का क्रियान्वयन प्रभावी व समयबद्ध ढंग से किया जाए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र भ्रमण के दौरान प्राप्त फीडबैक के आधार पर कार्यो में सुधार लाया जाए और आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। सभी पंचायत सचिवों को निर्देशित किया गया कि सभी आंगनबाड़ी केन्द्र व स्कूलों में नामांकित बच्चे जिनका आधार व जन्म प्रमाण पत्र नहीं बन पाया है, उन्हें प्राथमिकता में रखते हुए एक माह में उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें, ताकि सरकार की योजनाओं से कोई भी योग्य लाभुक वंचित नहीं रहें। आवास योजनाओं में प्रगति की समीक्षा में लंबित आवास योजनाओं को समय से पूरा कराने के निर्देश दिए।

रोजगार सेवकों के हड़ताल पर होने के कारण विकास कार्यो के क्रियान्वयन में कोई बाधा नहीं आए, इसके लिए मेट को एक्टिव करने का निर्देश दिया गया। प्रखंड क्षेत्र में रसोई गैस की आपूर्ति, वितरण, भंडारण की जानकारी एमओ से ली गई और सुगमतापूर्वक वितरण सुनिश्चित कराने, कालाबाजारी पर सख्ती का निदेश दिया गया। प्रखंड कल्याण पदाधिकारी को चिकित्सा अनुदान का आवेदन बढ़ाने का निदेश दिया गया। वहीं प्रखंड पशु चिकित्सा पदाधिकारी को पशुधन वितरण में शत प्रतिशत लक्ष्य प्राप्ति के लिए निदेशित किया गया। उपायुक्त ने यह भी कहा कि जनहित से जुड़ी योजनाओं की सतत निगरानी व जमीनी स्तर पर नियमित समीक्षा करे, जिससे विकास कार्यो का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके।

Share This Article