बिरसानगर में दुकानदार पर जानलेवा हमला, बीच-बचाव करने आए साथी को भी पीटा, हालत गंभीर

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर: शहर के बिरसानगर थाना क्षेत्र में रविवार देर शाम आपसी विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। जोन नंबर चार स्थित ‘शंकर स्टोर’ पर कुछ युवकों ने दुकान संचालक और उनके सहयोगी पर जानलेवा हमला कर दिया। इस घटना के बाद इलाके में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

विवाद के बाद धारदार हथियारों से हमला
​मिली जानकारी के अनुसार, यश नामक युवक अपने कुछ साथियों के साथ शंकर स्टोर पहुंचा था। वहां दुकान संचालक शंकर साव के साथ किसी बात को लेकर बहस शुरू हुई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि युवकों ने शंकर साव पर हमला कर दिया। जब दुकान में मौजूद सहयोगी भोला साव उन्हें बचाने आए, तो हमलावरों ने उन्हें भी निशाना बनाया और बुरी तरह घायल कर दिया।

पुलिस की कार्रवाई और जांच
​घटना की सूचना मिलते ही बिरसानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तुरंत एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां फिलहाल उनका इलाज चल रहा है। वहीं पुलिस दुकान और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। वारदात को अंजाम देने के बाद यश और उसके साथी मौके से फरार हो गए हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। पुलिस ने पीड़ितों के प्रारंभिक बयान दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।

Share This Article