हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला का निधन, राजनीतिक जगत में शोक की लहर

mirrormedia
2 Min Read

संवाददाता, धनबाद। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और इनेलो के संस्थापक ओमप्रकाश चौटाला का शुक्रवार को 89 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल में अंतिम सांस ली। लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे चौटाला को शुक्रवार सुबह अचानक तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन कुछ ही घंटों बाद उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया।

राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र को बड़ा नुकसान

ओमप्रकाश चौटाला के निधन पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर श्रद्धांजलि देते हुए लिखा, “ओमप्रकाश चौटाला जी का निधन अत्यंत दुःखद है। उन्होंने समाज और प्रदेश की सेवा में अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया। यह देश और हरियाणा की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति है। भगवान से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को शांति और उनके परिवार को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें।”

“मेरे लिए बड़े भाई जैसे थे” – भूपेंद्र सिंह हुड्डा

हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने भी ओमप्रकाश चौटाला के निधन पर शोक जताया। उन्होंने कहा, “जब ओमप्रकाश जी मुख्यमंत्री थे, तब मैं विपक्ष का नेता था। हमारे बीच हमेशा अच्छे संबंध रहे। वह समाज के लिए समर्पित और एक विनम्र व्यक्ति थे। यह यकीन करना मुश्किल है कि वह इतनी जल्दी हमें छोड़कर चले गए। उनके साथ मेरी यादें हमेशा जीवित रहेंगी।”

हरियाणा की राजनीति में ओमप्रकाश चौटाला का योगदान

ओमप्रकाश चौटाला ने हरियाणा की राजनीति में एक लंबा और सक्रिय योगदान दिया। उन्होंने न केवल मुख्यमंत्री के रूप में बल्कि इनेलो के प्रमुख नेता के रूप में प्रदेश की सेवा की। उनके निधन से हरियाणा और देश की राजनीति में एक युग का अंत हो गया है।

चौटाला जी का जाना हरियाणा के लिए एक बड़ी क्षति है। उनकी यादें और उनके द्वारा किया गया कार्य हमेशा लोगों के दिलों में जीवित रहेगा।

TAGGED:
Share This Article
Follow:
Mirror media digital laboratory Pvt. Ltd. Established February 2019. It is a Social Website channel Releted to News From all over india and Abroad with Reflection of truth. Mirror media is Connecting the people 24x7 and show all news and Views