डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर: भारत निर्वाचन आयोग ने 45-घाटशिला (अ.ज.जा.) विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव की घोषणा कर दी है, जिसके साथ ही जिले में आदर्श आचार संहिता (MCC) तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है। पूर्वी सिंहभूम के जिला निर्वाचन पदाधिकारी कर्ण सत्यार्थी और वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय ने समाहरणालय सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में यह जानकारी दी और चुनाव प्रक्रिया की महत्वपूर्ण तिथियों की घोषणा की।
घाटशिला उपचुनाव का कार्यक्रम:
उपचुनाव के लिए जारी कार्यक्रम के अनुसार, प्रमुख तिथियां।
कार्यक्रम | तिथि | दिन |
---|---|---|
अधिसूचना जारी करने की तिथि | 13 अक्टूबर 2025 | सोमवार |
नामांकन की अंतिम तिथि | 21 अक्टूबर 2025 | मंगलवार |
नामांकन पत्रों की जांच की तिथि | 22 अक्टूबर 2025 | बुधवार |
उम्मीदवारी वापस लेने की अंतिम तिथि | 24 अक्टूबर 2025 | शुक्रवार |
मतदान की तिथि | 11 नवंबर 2025 | मंगलवार |
मतगणना की तिथि | 14 नवंबर 2025 | शुक्रवार |
निर्वाचन प्रक्रिया पूर्ण होने की अंतिम तिथि | 16 नवंबर 2025 | रविवार |
जिला निर्वाचन पदाधिकारी कर्ण सत्यार्थी ने बताया कि जिले में निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी तैयारियां की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि आचार संहिता लागू होते ही निर्वाचन कार्य के लिए कुल 15 कोषांगों का गठन कर दिया गया है और सभी नोडल पदाधिकारियों को उनके दायित्व सौंप दिए गए हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि 45-घाटशिला (अ.ज.जा.) विधानसभा क्षेत्र के लिए घाटशिला के अनुमंडल पदाधिकारी सुनील चंद्रा निर्वाची पदाधिकारी होंगे। सीओ धालभूमगढ़, सीओ घाटशिला और बीडीओ घाटशिला सहायक निर्वाची पदाधिकारी के रूप में कार्य करेंगे। नामांकन प्रक्रिया अनुमंडल कार्यालय घाटशिला में संपन्न होगी। मतदाताओं के लिए महत्वपूर्ण सूचना यह है कि वे नामांकन की अंतिम तिथि से 10 दिन पहले तक मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए आवेदन कर सकते हैं।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय ने चुनाव के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए समुचित सुरक्षा व्यवस्था करने की बात कही। उन्होंने बताया कि क्रिटिकल बूथों की पहचान कर वहां अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। मतदाताओं को प्रभावित करने के प्रयासों को रोकने के लिए पुलिस सख्त कदम उठाएगी। अवैध रूप से नगद, शराब, उपहार, या ड्रग्स के परिवहन पर रोक लगाने तथा असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखने के लिए कुल 16 चेकनाके बनाए जाएंगे, जिनमें 10 इंटर-स्टेट, 5 इंटर-डिस्ट्रिक्ट और 1 शहरी क्षेत्र का चेकनाका शामिल है। साथ ही, फरार अभियुक्तों को पकड़ने का अभियान चलाया जाएगा, लाइसेंसी हथियारों को जमा कराया जाएगा, और किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियों की रोकथाम के लिए सघन अभियान चलाया जाएगा।