दिल्ली CM रेखा गुप्ता का रानीगंज दौरा, भाजपा प्रत्याशी पार्थो दास के समर्थन में जुटी भारी भीड़

KK Sagar
2 Min Read

आसनसोल। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की आहट के साथ ही सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में रानीगंज विधानसभा क्षेत्र शनिवार को भाजपा की भव्य ‘विजय संकल्प सभा’ का गवाह बना, जहां बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी ने माहौल को पूरी तरह चुनावी रंग में रंग दिया।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के आगमन ने सभा को खास बना दिया। उनके स्वागत में जुटी भीड़ और कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। सभा में उमड़ी भीड़ को भाजपा के बढ़ते जनाधार के रूप में देखा जा रहा है।

सभा के दौरान भाजपा प्रत्याशी पार्थो दास के समर्थन में जबरदस्त माहौल दिखा। जनसंपर्क अभियान और कार्यकर्ताओं की सक्रियता ने पार्टी की मजबूत पकड़ का संकेत दिया।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने जनता से भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील करते हुए कहा कि यह चुनाव बंगाल के भविष्य को तय करने वाला है। उन्होंने विकास, रोजगार और सुरक्षा को मुख्य मुद्दा बताते हुए कहा कि राज्य में अब बदलाव जरूरी है।

उन्होंने विश्वास जताया कि जनता का समर्थन और युवाओं का उत्साह भाजपा को रानीगंज में जीत दिलाएगा। सभा के दौरान “परिवर्तन” और “जय भाजपा” के नारे लगातार गूंजते रहे, जिससे माहौल पूरी तरह जोशीला बना रहा।

इस मौके पर राजस्थान के खंडार से भाजपा विधायक और आसनसोल जिला के विधानसभा प्रभारी जितेंद्र गोठवाल ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि केंद्र की कई योजनाओं का लाभ राज्य की जनता तक सही तरीके से नहीं पहुंच पाया है। उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा को भी बड़ा मुद्दा बताते हुए कहा कि अब जनता बदलाव के मूड में है।

रानीगंज की यह ‘विजय संकल्प सभा’ भाजपा के लिए एक बड़ा शक्ति प्रदर्शन साबित हुई, जो आगामी चुनाव में पार्टी की स्थिति को मजबूत करने का संकेत दे रही है।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....