Delhi Election 2025 Dates: 5 फरवरी को दिल्ली में वोटिंग, 8 फरवरी को आएंगे नतीजे, मनोज तिवारी बोले- झूठ और लूट की राजनीति होगी खत्म

mirrormedia
4 Min Read

Delhi Election 2025 Dates: मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने आज दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 की तारीखों की घोषणा की। उन्होंने बताया कि राजधानी में एक ही चरण में 5 फरवरी को मतदान होगा और 8 फरवरी को नतीजे घोषित किए जाएंगे। चुनाव की अधिसूचना 10 जनवरी को जारी होगी। मौजूदा विधानसभा का कार्यकाल 23 फरवरी को समाप्त हो रहा है, और नए सदन के गठन के लिए इससे पहले चुनाव कराए जाएंगे।

दिल्ली में इससे पहले 2020 में 8 फरवरी को मतदान हुआ था और 11 फरवरी को नतीजे सामने आए थे। 2015 के चुनाव में आम आदमी पार्टी ने 70 में से 67 सीटें जीतकर ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी, जबकि 2020 में पार्टी ने 62 सीटों पर कब्जा जमाया। भाजपा को 2015 में 3 और 2020 में 8 सीटें ही मिली थीं।

मनोज तिवारी बोले- 5 फरवरी बीजेपी के लिए शुभ तारीख

भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने चुनाव की तारीख पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “5 नंबर भाजपा के लिए बहुत लकी है। 25 मई को भी हमने पांचों सीटें जीती थीं और अब 5 फरवरी आया है, तो यह भी शुभ साबित होगा। जनता झूठ और लूट वाली पार्टी को उखाड़ फेंकने के लिए तैयार है।”

भारत चुनावों का स्वर्णिम मानक: सीईसी राजीव कुमार

चुनावों की घोषणा करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने कहा, “भारत चुनाव प्रक्रिया के मामले में स्वर्णिम मानक प्रस्तुत करता है। सभी प्रक्रियाएं विस्तृत और पारदर्शी हैं। यदि किसी तरह की अनियमितता सामने आती है, तो आयोग सख्त कार्रवाई के लिए तैयार है।”

ईवीएम में धांधली का कोई सवाल नहीं – मुख्य चुनाव आयुक्त

ईवीएम में गड़बड़ी के आरोपों पर सफाई देते हुए राजीव कुमार ने कहा, “ईवीएम में किसी तरह की छेड़छाड़ या गड़बड़ी संभव नहीं है। न ही इनमें वायरस या बग आने की कोई संभावना है। सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट ने भी अपने फैसलों में इसे स्वीकारा है। यह गिनती के लिए अचूक और सुरक्षित उपकरण है।”

2025 में भारत बनेगा एक अरब मतदाताओं वाला देश

सीईसी ने बताया कि इस साल भारत 99 करोड़ से अधिक मतदाताओं को पार कर एक अरब मतदाताओं वाला देश बन जाएगा। इसमें 48 करोड़ से ज्यादा महिला मतदाता शामिल होंगी, जो देश में महिला सशक्तिकरण का बड़ा संकेत है।

15 पार्टियां बनीं सबसे बड़ी पार्टी

मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि 2020 के बिहार विधानसभा चुनावों से लेकर अब तक 30 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में हुए चुनावों में 15 अलग-अलग पार्टियां सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी हैं।

राजीव कुमार ने बताया कि मतदाता सूची तैयार करने की प्रक्रिया में राजनीतिक दलों को हर चरण में शामिल किया जाता है। फॉर्म 7 के बिना किसी भी नाम को हटाया या जोड़ा नहीं जा सकता। चुनाव आयोग ने किसी भी गड़बड़ी की आशंका को खारिज करते हुए निष्पक्षता का भरोसा दिलाया।

दिल्ली में 5 फरवरी को मतदान

मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि 5 फरवरी को मतदान होगा और 8 फरवरी को चुनावी नतीजे आएंगे। उन्होंने आश्वासन दिया कि चुनावी प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से पूरी की जाएगी।

Share This Article
Follow:
Mirror media digital laboratory Pvt. Ltd. Established February 2019. It is a Social Website channel Releted to News From all over india and Abroad with Reflection of truth. Mirror media is Connecting the people 24x7 and show all news and Views