डिजिटल डेस्क। मिरर मीडिया: भारतीय जनता पार्टी ने मंगलवार को दिल्ली विधानसभा चुनाव के मद्देनजर अपने संकल्प पत्र का दूसरा भाग जारी किया। इसे जारी करते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता अनुराग ठाकुर ने वादा किया कि दिल्ली में सरकार बनने पर सभी घोषणाओं को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा, हमारा संकल्प विकसित दिल्ली का है। पांच वर्षों में संकल्प से सिद्धि तक का सफर तय करेंगे। जब विकसित भारत की बात होती है, तो विकसित दिल्ली इसकी अनिवार्य शर्त है।
शिक्षा में सुधार के बड़े वादे
दिल्ली में जरूरतमंद छात्रों को केजी से पीजी तक मुफ्त शिक्षा उपलब्ध कराई जाएगी।
प्रशासनिक सेवाओं और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए छात्रों को 15 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। इसके अलावा, दो बार परीक्षा शुल्क का भुगतान सरकार करेगी।
तकनीकी और व्यवसायिक छात्रों के लिए डॉ. भीमराव अंबेडकर छात्रवृत्ति योजना शुरू की जाएगी। अनुसूचित जाति के छात्रों को एक हजार रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी।
ऑटो-टैक्सी चालकों के लिए कल्याणकारी योजनाएं
भाजपा ने ऑटो-टैक्सी चालकों के लिए कल्याण बोर्ड के गठन का वादा किया है। इसके तहत चालकों को 10 लाख रुपये का जीवन बीमा और 5 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा मिलेगा। उनके बच्चों को उच्च शिक्षा के लिए छात्रवृत्ति दी जाएगी और ऑटो बीमा प्रीमियम में रियायत दी जाएगी।
आप सरकार पर आरोप लगाते हुए भाजपा ने कहा कि दस वर्षों में दिल्ली में ऑटो-टैक्सी चालकों के लिए कोई कल्याणकारी योजना शुरू नहीं की गई।
घरेलू सहायकों के लिए योजनाएं
घरेलू सहायकों के लिए कल्याणकारी योजना और कल्याण बोर्ड का गठन होगा। उन्हें 10 लाख रुपये का जीवन बीमा और 5 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा दिया जाएगा। उनके बच्चों को भी उच्च शिक्षा के लिए छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी।
रेहड़ी-पटरी वालों को बड़ी राहत
प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत दिल्ली में 1.90 लाख रेहड़ी-पटरी वालों को बिना गिरवी के ऋण दिया जाएगा। इस संख्या को बढ़ाकर 4 लाख किया जाएगा।
शिक्षा और कौशल विकास पर जोर
भाजपा ने दिल्ली के स्कूलों की बदहाल स्थिति पर आप सरकार को घेरा और कहा कि नौवीं कक्षा में एक लाख से अधिक छात्र फेल हो गए। युवाओं के कौशल विकास के लिए विशेष कार्यक्रम शुरू करने का वादा किया।
रोहिंग्या और बांग्लादेशी घुसपैठियों का मुद्दा
भाजपा ने आप सरकार पर रोहिंग्या और बांग्लादेशी घुसपैठियों को बसाने का आरोप लगाया। भाजपा ने दावा किया कि आप विधायकों के हस्ताक्षर से फर्जी दस्तावेज बनाए जा रहे हैं, जिससे दिल्ली के नागरिकों का हक मारा जा रहा है।
सिख समुदाय के लिए सम्मान की बात
अनुराग ठाकुर ने कहा कि सिख समुदाय का गौरवशाली इतिहास रहा है। उन्होंने आप विधायक द्वारा हरदीप सिंह पुरी की तुलना रोहिंग्या घुसपैठियों से करने पर आप सरकार की आलोचना की। उन्होंने कहा कि सिख समुदाय इसे कभी माफ नहीं करेगा और केजरीवाल व आतिशी को माफी मांगनी चाहिए।
भाजपा का संकल्प:
भाजपा ने आप सरकार पर घोषणाएं करने के बावजूद उन्हें पूरा न करने का आरोप लगाया। भाजपा ने वादा किया कि वह जनकल्याण और विकास को प्राथमिकता देते हुए “संकल्प से सिद्धि” तक का सफर तय करेगी।