Homeबिहारमुंगेर में एएसआई की हत्या पर डिप्टी सीएम बोले – 'जरूरत पड़े...

मुंगेर में एएसआई की हत्या पर डिप्टी सीएम बोले – ‘जरूरत पड़े तो एनकाउंटर करो’

मुंगेर: बिहार के मुंगेर जिले में एएसआई संतोष कुमार सिंह की हत्या के बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। एक आरोपी गुड्डू यादव को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। इसी बीच बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने इस घटना पर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि अपराधियों को उनकी ही भाषा में जवाब दिया जाएगा। उन्होंने कहा, “अगर एनकाउंटर की जरूरत हो तो करो, सरकार अपराध के खिलाफ सख्त कदम उठाएगी।”

गिरफ्तारी के दौरान पुलिस वाहन पलटा, आरोपी घायल

गिरफ्तार आरोपी गुड्डू यादव को पुलिस जब अपने वाहन से ले जा रही थी, तभी गाड़ी अनियंत्रित होकर एक आम के पेड़ से टकरा गई और पलट गई। इस दौरान आरोपी ने पुलिसकर्मियों से हथियार छीनने की कोशिश की। आत्मरक्षा में पुलिस ने गोली चलाई, जिससे गुड्डू यादव के पैर में गोली लग गई। हादसे में पुलिस वाहन का हूटर और आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।

उपमुख्यमंत्री का बयान – अपराध पर सख्ती जरूरी

डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि यह बहुत ही दुखद घटना है और सरकार इस पर सख्त कार्रवाई करेगी। उन्होंने कहा, “बिहार में सुशासन कायम रखने के लिए अपराधियों को उन्हीं की भाषा में समझाना होगा। प्रशासन पर हमला बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर पुलिस को खुली छूट दी जाएगी।”

बिहार सरकार के मंत्री प्रेम कुमार ने भी घटना की निंदा करते हुए कहा कि बिहार में कानून का राज है और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा, “जनता के सेवक की हत्या गंभीर अपराध है, दोषियों को कड़ी सजा मिलेगी।”

क्या था पूरा मामला?

शुक्रवार को मुंगेर के नंदलालपुरा इलाके में दो परिवारों के बीच झगड़े की सूचना मिलने पर एएसआई संतोष कुमार सिंह अपनी टीम के साथ विवाद सुलझाने पहुंचे थे। बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया और एक अज्ञात शख्स ने उन पर तेज धारदार हथियार से हमला कर दिया।

घायल एएसआई को पहले स्थानीय अस्पताल और फिर पटना रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इस घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी है और इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

पुलिस ने इस हत्या में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि दोषियों को जल्द से जल्द कानून के शिकंजे में लाया जाएगा।

Uday Kumar Pandey
Uday Kumar Pandeyhttps://mirrormedia.co.in
मैं उदय कुमार पाण्डेय, मिरर मीडिया के न्यूज डेस्क पर कार्यरत हूँ।

Most Popular