डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय कक्ष में उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने ‘जन शिकायत निवारण दिवस’ का आयोजन किया। इस दौरान उपायुक्त ने जिले के विभिन्न प्रखंडों और शहरी क्षेत्रों से आए नागरिकों से सीधा संवाद किया और उनके आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
इन प्रमुख समस्याओं पर आए आवेदन
जन शिकायत निवारण दिवस के दौरान नागरिकों ने जिला प्रशासन के समक्ष अपनी विभिन्न मांगें और समस्याएं रखीं, जिनमें मुख्य रूप से शामिल थे। अवैध कब्जा और भू-विवाद से जुड़े मामले। झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना का लाभ और राशन कार्ड संबंधी समस्याएं। स्कूल फीस में रियायत, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी शिकायतें। आर्म्स लाइसेंस के लिए आवेदन।
समयबद्ध कार्रवाई का सख्त निर्देश
उपायुक्त ने सभी प्राप्त आवेदनों को संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को अग्रसारित करते हुए उन्हें समयबद्ध निष्पादन का कड़ा निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि जन शिकायतों का निवारण प्रशासन की प्राथमिकता है। विभागीय समीक्षा बैठकों के दौरान इन शिकायतों की स्थिति की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी। कई मामलों में उपायुक्त ने त्वरित संज्ञान लेते हुए ‘ऑन द स्पॉट’ समाधान भी किया। उन्होंने कहा जनता की शिकायतों का समय पर और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करना हमारी प्राथमिकता है। सभी अधिकारी प्राप्त आवेदनों पर गंभीरता से कार्य करें।

