जमशेदपुर : झारखंड की राजधानी रांची में आगामी 27 अक्टूबर से 5 नवंबर तक आयोजित ‘झारखंड महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी, रांची 2023’ में एशिया महाद्वीप के 6 देशों की टीम खेलेगी। इस प्रतियोगिता में भारत के साथ-साथ जापान, चीन, मलेशिया, थाईलैंड एवं दक्षिण कोरिया की टीमें भाग ले रही है। राज्य की खेल प्रतिभाओं को प्रात्साहित करने के उद्देश्य से झारखंड के सभी जिलों में ट्रॉफी का अनावरण जिला प्रशासन द्वारा खेल प्रेमियों के बीच किया जा रहा। इसी क्रम में ट्रॉफी के जमशेदपुर पहुंचने पर जेआरडी स्पोर्टस कॉम्प्लेक्स में आयोजित एक कार्यक्रम में विधायक जमशेदपुर पूर्वी सरयू राय व जिला उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री द्वारा ट्रॉफी का अनावरण किया गया।

इसके पूर्व ट्रॉफी के जमशेदपुर पहुंचने पर विभिन्न खेलों से जुड़े खिलाड़ियों व खेल प्रेमियों ने जोरदार स्वागत किया। अनावरण कार्यक्रम में विधायक जमशेदपुर पूर्वी तथा जिला उपायुक्त ने हॉकी बॉल को गोलपोस्ट में पुश कर हॉकी इंडिया को खेल प्रतियोगिता के सफल आयोजन की शुभकामनाएं दी। इस मौके पर विधायक जमशेदपुर पूर्वी ने कहा कि देश में पहली बार एशियन गेम्स जैसे किसी अंतराष्ट्रीय चैंपियनशिप में 100 से ज्यादा पदक आया है, उम्मीद है झारखंड में भी इस अंतर्राष्ट्रीय स्तर के खेल प्रतियोगिता के आयोजन से खिलाड़ियों को प्रोत्साहन मिलेगा। नई-नई खेल प्रतिभाएं जिला, राज्य और देश का नाम रौशन करेंगी। उन्होने इस अंतर्राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के आयोजन के लिए राज्य सरकार के प्रयासों की सराहना किया।
जिला उपायुक्त ने कहा कि झारखंड ऐसा राज्य है, जहां हरेक कोने से आपको खेल प्रतिभायें देखने को मिलेगी। गुमला, सिमडेगा, खूंटी जैसे जिला से निकले हॉकी के खिलाड़ियों ने अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। वहीं पूर्वी सिंहभूम से आर्चरी, फुटबॉल, क्रिकेट, एथलेटिक्स तथा अन्य कई खेलों में भी यहां के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा दिखाई है। उन्होने कहा कि सभी जिलों में ट्रॉफी के अनावरण से राज्य सरकार का उद्देश्य यही है कि यहां की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित किया जा सके। जिससे आने वाले वर्षों में राज्य से कई खिलाड़ी अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा से पहचान बनायें।