गोविंदपुर। उप विकास आयुक्त सन्नी राज ने आज गोविंदपुर प्रखंड अंतर्गत संचालित विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने डीएमएफटी मद से संचालित तालाबों के सौंदर्यीकरण सहित अन्य योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया।
निरीक्षण के क्रम में उप विकास आयुक्त ने रिजलीबंध क्षेत्र में चल रहे तालाब सौंदर्यीकरण कार्य की धीमी प्रगति पर कड़ी नाराज़गी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित एजेंसी को कार्य में तेजी लाकर इसे शीघ्र पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए।
इसके बाद बरवाटांड़ पंचायत में निर्माणाधीन तालाब कार्य का निरीक्षण किया गया। उप विकास आयुक्त ने स्वीकृत प्रावधानों के अनुरूप कार्य को जल्द पूरा कर उसका हस्तांतरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
भ्रमण के अगले चरण में नवाटांड़ पंचायत में प्रस्तावित मॉडल स्कूल एवं आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया गया। उन्होंने आंगनवाड़ी सेविका को पोषण ट्रैकर नियमित रूप से अपडेट करने के निर्देश दिए। वहीं विद्यालय परिसर में साफ-सफाई सुनिश्चित करने तथा प्रभारी प्रधानाचार्य से विद्यालय में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं की स्थिति की समीक्षा की।
इसके अतिरिक्त उप विकास आयुक्त ने गोरटोपा पंचायत स्थित गोविंदपुर किसान साथी प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड का भी भ्रमण किया और किसानों को हरसंभव सहयोग प्रदान करने का भरोसा दिया।

