रांची। छात्रों की मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें रांची सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसके बावजूद उनका अनशन 12वें दिन भी जारी है।
अस्पताल में भर्ती देवेंद्र नाथ महतो ने मुख्यमंत्री से छात्रों की मांगों पर जल्द सकारात्मक पहल करने की अपील की है। उन्होंने भावुक अपील करते हुए कहा, “मैं रहूं या न रहूं, लोकतंत्र रहना चाहिए।”
देवेंद्र महतो ने कहा कि छात्रों की मांगें जब तक नहीं मानी जातीं, तब तक उनका संघर्ष और अनशन जारी रहेगा। उन्होंने मुख्यमंत्री से छात्रों की बात सुनने और उनके साथ बैठकर उनकी समस्याओं को समझने की अपील की। साथ ही उन्होंने जल्द समाधान की दिशा में पहल करने की मांग की।
उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री, छात्रों की बात सुनिए। उनके साथ बैठिए, उनकी समस्याओं को समझिए और जल्द समाधान की पहल कीजिए।”

