Jamshedpur : महाशिवरात्रि पर भक्तिमय माहौल, पूजा-अर्चना कर भक्तों ने किया भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : देशभर में आज महाशिवरात्रि का पावन त्योहार धूमधाम से मनाया जा रहा है। लोगों में इस त्योहार को लेकर काफी उत्साह है। बड़े, बच्चें बुज़ुर्ग सभी जल और पूजा की थाल लेकर मन्दिरों में आ रहे है। जमशेदपुर के हर शहर, गांव, कस्बों में आज सुबह से ही मंदिरों में शिव भक्त पहुंच रहे है और पूजा अर्चना कर रहें है। मंदिरों में भारी संख्या में लोग पहुंच रहे है। शहर के साकची शीतला माता शिव मंदिर, मनोकामना मंदिर, भालूबासा शिव मंदिर समेत तमाम मंदिरों में श्रद्धालु कतार में खड़े अपनी बारी का इंतज़ार करते दिखे। भक्तों ने भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना कर जलाभिषेक किया।

भक्तों ने दूध, दही पंचगव्य, शहद व गंगाजल से शिवलिंग का अभिषेक किया और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से मंदिर परिसर गूंज उठे। वहीं शिवरात्रि के त्योहार को लेकर कई मंदिरों को भव्य रूप से सजाया गया है। आकर्षक विद्युत सज्जा लोगों का मन मोह रही है। शिवलिंग का भी फूलों से बहुत ही सुंदर श्रृंगार किया गया है। कई मंदिरों में कल रात से ही भजन कीर्तन किया जा रहा है। वहीं भोग वितरण की भी तैयारी है। गोविंदपुर के शिव-हनुमान मंदिर में रात के समय भगवान शिव की बारात निकालने की तैयारी है। मंदिर के पुजारी श्याम कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि शिवजी की बारात मंदिर परिसर से निकल कर पूरे बस्ती में भ्रमण करेगी। उसके बाद वापस मंदिर में आकर भगवान शिव और पार्वती का विवाह कराया जाएगा। जिसके बाद भक्तों में प्रसाद बांटा जाएगा।

Share This Article