DC आदित्य रंजन के निर्देश पर लोगों को गर्मी से राहत देने की विशेष व्यवस्था
भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान के बीच धनबाद जिला प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है। आदित्य रंजन के निर्देश पर शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर आम नागरिकों के लिए मुफ्त पेयजल और शेड की व्यवस्था की गई है, जिससे राहगीरों और रोजमर्रा के काम से बाहर निकलने वाले लोगों को बड़ी राहत मिल रही है।
उपायुक्त ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार जिले में हीट वेव से बचाव को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत सिटी सेंटर, माधुरी पैलेस, बरवाअड्डा, बस स्टॉप, रांगाटांड सहित कई प्रमुख स्थानों पर प्याऊ लगाए गए हैं, ताकि लोगों को शुद्ध पेयजल आसानी से उपलब्ध हो सके। वहीं तेज धूप और लू से बचाव के लिए प्रमुख सड़कों पर अस्थायी शेड भी तैयार किए गए हैं।
जिला प्रशासन ने सभी अंचल अधिकारियों और प्रखंड विकास पदाधिकारियों को भी निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों के सार्वजनिक स्थलों पर पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करें। इसके साथ ही सभी सरकारी कार्यालयों को अपने परिसरों के बाहर आम नागरिकों के लिए पानी की व्यवस्था करने को कहा गया है।
प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि जिले के किसी भी गांव, टोला या मोहल्ले में पेयजल संकट नहीं होने दिया जाएगा। जहां भी पानी की कमी की सूचना मिलेगी, वहां तत्काल टैंकरों के माध्यम से जलापूर्ति, खराब चापाकलों की मरम्मत और अन्य वैकल्पिक व्यवस्थाएं की जाएंगी।
भीषण गर्मी के इस दौर में जिला प्रशासन की यह पहल आम लोगों के लिए राहत भरी साबित हो रही है। सड़क पर निकलने वाले लोग अब जगह-जगह ठंडे पानी और छांव की सुविधा मिलने से काफी राहत महसूस कर रहे हैं।

