मिरर मीडिया संवाददाता,धनबाद: जिले में खनिज संपदा के अवैध खनन, भंडारण और परिवहन के खिलाफ कार्रवाई तेज हो गई है। डीसी माधवी मिश्रा के निर्देश पर कलियासोल के अंचल अधिकारी अशोक कुमार सिन्हा ने शनिवार को छापामारी अभियान चलाते हुए 6 ट्रैक्टर जब्त किए। इन ट्रैक्टरों पर लगभग 555 सीएफटी बालू लदा हुआ था। जब्त ट्रैक्टरों के पास परिवहन चालान नहीं था।
अंचल अधिकारी ने जानकारी दी कि शनिवार सुबह लगभग 5:15 बजे बलियापुर पतलाबाड़ी रोड पर होमगार्ड और पुलिसकर्मियों के साथ छापामारी अभियान चलाया गया। अभियान में होमगार्ड अरविंद यादव, मिथिलेश कुमार, रंजीत कुमार, राजेश कुमार, रामापति कुमार, प्रवेश कुमार मंडल और कालुबथान ओपी के आरक्षी अरुण कुमार महतो एवं पंकज कुमार महतो शामिल थे। टीम को देखकर चालक ट्रैक्टर छोड़कर भाग गए।
ट्रैक्टरों की पहचान और जुर्माने की तैयारी
अंचल अधिकारी ने बताया कि जब्त ट्रैक्टरों में ट्रैक्टर संख्या जेएच 10 बी.ई. 6883, जेएच 10 बी.जे. 1591 और एक बिना नंबर का ट्रैक्टर शामिल है, जिन पर 95-95 सीएफटी बालू लदा हुआ था। वहीं, ट्रॉली संख्या जेएच 10 बी.ए. 1131, ट्रैक्टर संख्या जेएच 10 ए.जी. 9804 और जेएच 10 बी.एल. 3894 पर 90-90 सीएफटी बालू पाया गया।
सभी ट्रैक्टरों के खिलाफ झारखंड मिनरल्स (खनिज) माइनिंग कंट्रोल रूल्स, 2004, के नियम 54 के तहत जुर्माना की कार्रवाई की जाएगी।

