Dhanbad: धनबाद में अवैध खनन पर प्रशासन की ताबड़तोड़ कार्रवाई जारी, अवैध बालू लदे ट्रैक्टर जब्त, कई पर केस दर्ज

mirrormedia
2 Min Read

मिरर मीडिया संवाददाता, धनबाद: जिले में लगातार हो रहे अवैध खनन को रोकने के लिए जिला प्रशासन सख्त कार्रवाई के मूड में है। धनबाद उपायुक्त माधवी मिश्रा के निर्देश पर जिला प्रशासन ने अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन पर कड़ा रुख अपनाते हुए लगातार चौथे दिन भी कार्रवाई की। शुक्रवार को अवैध बालू लदे एक ट्रैक्टर को जब्त किया गया और इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

धनबाद उपायुक्त माधवी मिश्रा के निर्देशानुसार शुक्रवार सुबह करीब 5:20 बजे खान निरीक्षक बिनोद बिहारी प्रमाणिक के नेतृत्व में बसंत उरांव, विजय करमाली, सुमित प्रसाद और पुलिस सशस्त्र बल की एक टीम ने खनिजों के अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ एक विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान धारकिरो बरवाडीह मेन रोड के समीप एक ट्रैक्टर को बिना परिवहन चालान के अवैध रूप से बालू खनिज का परिवहन करते हुए पकड़ा गया।

वाहन के जब्त किए जाने के बाद, वाहन मालिक, चालक, और इस अवैध गतिविधि में शामिल अन्य सभी लोगों के खिलाफ राजगंज थाना में सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन और अवैध खनिज परिवहन को लेकर किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

अवैध खनन पर प्रशासन की नजर सख्त:

धनबाद में अवैध खनन एक गंभीर समस्या बन गई है। जिले के कई क्षेत्रों में अवैध खनन और खनिजों का अवैध परिवहन धड़ल्ले से चल रहा था। लेकिन प्रशासन की सख्ती से इन गतिविधियों में लिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है। उपायुक्त माधवी मिश्रा ने इस पर सख्त कदम उठाने का आदेश दिया है और कहा है कि अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन को रोकने के लिए इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे।

TAGGED:
Share This Article
Follow:
Mirror media digital laboratory Pvt. Ltd. Established February 2019. It is a Social Website channel Releted to News From all over india and Abroad with Reflection of truth. Mirror media is Connecting the people 24x7 and show all news and Views