Dhanbad: बीआईटी मेसरा के प्लेटिनम जुबली समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने की शिरकत, रिसर्च एग्जीबिशन का किया उद्घाटन

mirrormedia
2 Min Read

संवाददाता, रांची: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज शनिवार को बीआईटी मेसरा के प्लेटिनम जुबली समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।

राष्ट्रपति ने झारखंड से जुड़ाव पर व्यक्त की भावनात्मक प्रतिक्रिया

संस्थान के 70वें स्थापना दिवस पर आयोजित इस समारोह में राष्ट्रपति ने कहा कि यह संस्थान अपनी बेहतरीन उपलब्धियों के लिए जाना जाता है और देश के विकास में इसका योगदान सराहनीय रहा है। उन्होंने झारखंड से अपने विशेष लगाव को व्यक्त करते हुए कहा कि जब भी वे झारखंड आती हैं, तो उन्हें ऐसा महसूस होता है जैसे वे अपने घर आई हों।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का स्वागत बीआईटी मेसरा के चेयरमैन सीके बिरला, कुलपति इंद्रनील मन्ना और झारखंड सरकार के उच्च व तकनीकी शिक्षा मंत्री सुदिव्य सोनू ने किया। इसके बाद उन्होंने कैंपस में विभिन्न विभागों के छात्रों द्वारा लगाए गए प्रदर्शनियों का अवलोकन किया और संकाय व छात्रों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि बीआईटी मेसरा की समृद्ध विरासत गर्व का विषय है, जिसने अकादमिक उत्कृष्टता, अनुसंधान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में नवाचार के 70 वर्ष पूरे कर लिए हैं। इस अवसर पर राष्ट्रपति ने परिसर में पौधरोपण भी किया।

राज्यपाल ने की संस्थान की सराहना

जीपी बिरला सभागार में आयोजित कार्यक्रम में झारखंड के राज्यपाल और कुलाधिपति संतोष गंगवार ने कहा कि बीआईटी मेसरा इंजीनियरिंग और तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में देश का एक प्रतिष्ठित संस्थान है। उन्होंने कहा कि विज्ञान और प्रौद्योगिकी के नए आयामों के साथ यह संस्थान कुशल युवा इंजीनियरों और प्रबंधकों के लिए नई संभावनाएं प्रस्तुत कर रहा है।

बीआईटी मेसरा के 70 वर्षों की उपलब्धियों को किया गया प्रदर्शित

बीआईटी मेसरा की 70 वर्षों की यात्रा को एक शॉर्ट वीडियो के माध्यम से प्रदर्शित किया गया, जिसमें संस्थान की राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अर्जित उपलब्धियों को दर्शाया गया। समारोह में विभिन्न गणमान्य व्यक्तियों, छात्रों और शिक्षकों ने भाग लिया और इस ऐतिहासिक अवसर का साक्षी बने।

(रिपोर्ट: जयंत कुमार)

TAGGED:
Share This Article
Follow:
Mirror media digital laboratory Pvt. Ltd. Established February 2019. It is a Social Website channel Releted to News From all over india and Abroad with Reflection of truth. Mirror media is Connecting the people 24x7 and show all news and Views