धनबाद – डिजिटल माध्यम से होगी जनगणना, मोबाइल ऐप से घर-घर जाकर डेटा संग्रह करेंगे प्रगणक

KK Sagar
3 Min Read

भारत की भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण के तहत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना के लिए जिला एवं चार्ज अधिकारियों तथा तकनीकी सहायकों का दो दिवसीय प्रशिक्षण शुक्रवार से समाहरणालय सभागार में शुरू हो गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन, नगर आयुक्त आशीष गंगवार, अनुमंडल दंडाधिकारी लोकेश बारंगे तथा अपर समाहर्ता विनोद कुमार ने दीप प्रज्वलित कर किया।

इस अवसर पर उपायुक्त आदित्य रंजन ने कहा कि जनगणना किसी भी देश के विकास के लिए योजनाओं और नीतियों के निर्माण का महत्वपूर्ण आधार होती है। जनगणना से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर ही सरकार भविष्य की योजनाएं और नीतियां तय करती है। उन्होंने कहा कि करीब डेढ़ दशक के बाद यह जनगणना कार्यक्रम आयोजित हो रहा है, इसलिए सभी अधिकारी और कर्मी इसे गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ संपन्न करें।

उन्होंने प्रशिक्षण में शामिल सभी प्रतिभागियों से कहा कि प्रशिक्षण के दौरान बताई जा रही सभी जानकारियों को ध्यानपूर्वक समझें। इस प्रशिक्षण में जनगणना से जुड़े विभिन्न पहलुओं, प्रश्नावली के उपयोग, डेटा संकलन की प्रक्रिया तथा क्षेत्र में कार्य करने के सही तरीकों की विस्तृत जानकारी दी जा रही है।

जनगणना कार्य निदेशालय रांची से आए राष्ट्रीय प्रशिक्षक सह सहायक निदेशक मुरारी मोहन ने प्रतिभागियों को व्यावहारिक उदाहरणों के साथ पोर्टल और मोबाइल ऐप के माध्यम से मकान सूचीकरण एवं भवनों की गणना से संबंधित विभिन्न प्रक्रियाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस बार की जनगणना पूरी तरह डिजिटल माध्यम से की जाएगी। प्रगणक मोबाइल ऐप के जरिए घर-घर और प्रत्येक ब्लॉक का डेटा संकलन करेंगे, जिससे सूचनाओं का संधारण अधिक तेज और सटीक तरीके से संभव होगा।

प्रशिक्षण के बाद सभी चार्ज अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में जनगणना 2027 के प्रथम चरण के तहत मकान सूचीकरण और मकानों की गणना का कार्य शुरू करेंगे।

कार्यक्रम में उपायुक्त आदित्य रंजन, नगर आयुक्त आशीष गंगवार, अनुमंडल दंडाधिकारी लोकेश बारंगे, अपर समाहर्ता विनोद कुमार, राष्ट्रीय प्रशिक्षक सह सहायक निदेशक मुरारी मोहन, जिला खेल पदाधिकारी सह सांख्यिकी पदाधिकारी उमेश लोहरा, सहायक नगर आयुक्त प्रसून कौशिक, प्रकाश कुमार, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, सभी अंचल अधिकारी और अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....