रांची। झारखंड मुख्यमंत्री मंईया सम्मान योजना के तहत सोमवार को नामकुम स्थित खोजाटोली आर्मी ट्रेनिंग ग्राउंड में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने धनबाद जिले की पांच लाभुकों को प्रथम किस्त के रूप में 2500 रुपये की सम्मान राशि का भुगतान किया।
इस अवसर पर धनबाद की उपायुक्त माधवी मिश्रा ने जानकारी दी कि मुख्यमंत्री ने गोविंदपुर प्रखंड के रतनपुर पंचायत के ग्राम जिरामुडी की सुनीता देवी और पार्वती देवी तथा कापासाडा ग्राम की लक्खी देवी, मिना देवी और कुंती देवी को योजना का लाभ प्रदान किया।
महिला सशक्तिकरण में मील का पत्थरझारखंड मुख्यमंत्री मंईया सम्मान योजना को शुरू हुए पांच महीने हुए हैं। इस योजना का उद्देश्य महिलाओं के सशक्तिकरण, ग्रामीण क्षेत्रों के आर्थिक पुनरुद्धार और राज्य के समग्र विकास को बढ़ावा देना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह योजना झारखंड के विकास यात्रा में मील का पत्थर साबित हो रही है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाओं ने भाग लिया और योजना के प्रति अपनी उत्सुकता और प्रसन्नता व्यक्त की।