मिरर मीडिया संवाददाता, धनबाद: पहले चरण के मतदान के बाद 43 विधानसभा सीटों पर आए संकेतों से स्पष्ट हो गया है कि इंडिया गठबंधन बहुमत के साथ वापसी कर रहा है, जबकि विपक्ष का चार दलों का बेमेल गठबंधन धराशायी होने की कगार पर है। इस संदर्भ में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव आलोक कुमार दूबे ने धनबाद पहुंचकर मीडिया से अनौपचारिक बातचीत की। उन्होंने दावा किया कि जिले की सभी छह विधानसभा सीटों पर इंडिया गठबंधन की जीत निश्चित है। आलोक दूबे का कहना है कि इस बार धनबाद एक नया राजनीतिक कीर्तिमान स्थापित करेगा, जो प्रदेश की राजनीति में एक अहम मोड़ साबित होगा।
पहले चरण के मतदान से उत्साहित इंडिया गठबंधन के नेता अब दूसरे चरण के प्रचार में जुट गए हैं। इसी कड़ी में कांग्रेस महासचिव आलोक कुमार दूबे अपने सहयोगियों संजीत यादव, अभिषेक साहू, कुमुद रंजन, अनिकेत कुमार, विशाल सिंह के साथ देर शाम धनबाद पहुंचे। आज उन्होंने धनबाद विधानसभा प्रत्याशी अजय दूबे के समर्थन में विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर जनता से विजय के लिए समर्थन मांगा।
अमित शाह पर पलटवार करते हुए कहा – ‘राहुल बाबा ने भाजपा को दी कड़ी चुनौती’
प्रदेश कांग्रेस महासचिव आलोक कुमार दूबे ने गृह मंत्री अमित शाह के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि चौथी पीढ़ी के नेता राहुल गांधी ने भाजपा की नाक में दम कर दिया है। भाजपा शायद यह भूल रही है कि राहुल गांधी ने ही विपक्ष को एकजुट कर भाजपा के खिलाफ एक मजबूत चुनौती पेश की है। झारखंड में भी बदलाव की बयार बह रही है और इसका एहसास अब भाजपा नेताओं को भी हो रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा के मुख्यमंत्री अपनी जनता को छोड़कर झारखंड में सांप्रदायिकता का जहर फैलाने की कोशिश कर रहे हैं, जो निरर्थक साबित होगा।’
झारखंड में सिलिंडर 450 रुपये में देने का वादा सिर्फ छलावा’आलोक कुमार दूबे ने गृह मंत्री द्वारा झारखंड में सिलिंडर 450 रुपये में देने के वादे को चुनावी झांसा करार दिया। उन्होंने कहा कि जब देश के अन्य हिस्सों में सिलिंडर का मूल्य 1200 रुपये है, तो झारखंड में सस्ता सिलिंडर कैसे संभव होगा? उन्होंने भाजपा से यह भी पूछा कि क्या उनके पास इस वादे को पूरा करने के लिए ठोस योजना है, या यह केवल एक चुनावी लोकलुभावन दावा है? बढ़ती महंगाई के बीच ऐसी योजनाओं की वास्तविकता पर सवाल उठाना आवश्यक है।’
सहारा निवेशकों का पैसा लौटाने का वादा केवल दिखावा’
सहारा निवेशकों के मुद्दे पर आलोक कुमार दूबे ने कहा कि झारखंड और देशभर में सहारा के निवेशकों की मेहनत की कमाई डूब चुकी है और सरकार मौन है। उन्होंने आरोप लगाया कि लोकसभा चुनावों से पहले भी अमित शाह ने निवेशकों का पैसा लौटाने का वादा किया था, लेकिन आज तक कोई कदम नहीं उठाया गया। कांग्रेस ने भरोसा दिलाया कि आम जनता की भलाई और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इंडिया गठबंधन निवेशकों का पैसा लौटाने का काम करेगा।