धनबाद: “न्याय हर व्यक्ति का अधिकार है” — इसी सोच को साकार करते हुए धनबाद जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) के सचिव मयंक तुषार टोपनो ने झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, रांची के निर्देश और प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष डालसा श्री वीरेंद्र कुमार तिवारी के आदेश पर हजारीबाग केंद्रीय कारागार में बंद धनबाद के सजायाफ्ता बंदियों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संवाद किया।
इस संवाद का मुख्य उद्देश्य बंदियों की समस्याओं को सुनना, उनके मुकदमों की वर्तमान स्थिति से अवगत कराना और उन्हें विधिक सहायता की सुविधाओं के प्रति जागरूक करना था। जिन बंदियों की अपील उच्च न्यायालय या सर्वोच्च न्यायालय में नहीं हो सकी है, उन्हें निःशुल्क विधिक सहायता योजना के तहत आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी गई।
इस दौरान डालसा सहायक अरुण कुमार, सहायक लीगल एड डिफेंस काउंसिल शैलेंद्र झा एवं सोमित मंडल ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम ने बंदियों में न्यायिक प्रक्रिया के प्रति विश्वास को और मजबूत किया है।