संवाददाता, धनबाद: धनबाद मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में शुक्रवार को फरवरी माह में सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों के लिए समापक भुगतान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक (DRM) कमल किशोर सिन्हा ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों को सम्मानित किया और उनकी सेवाओं के लिए आभार व्यक्त किया।
फरवरी माह में कुल 43 कर्मचारी सेवानिवृत्त हुए, जिनका समापक भुगतान समय पर सुनिश्चित किया गया। मंडल प्रशासन ने इस प्रक्रिया को प्राथमिकता देते हुए सभी औपचारिकताओं को सुचारू रूप से पूरा किया। धनबाद रेल मंडल सेवानिवृत्त कर्मचारियों के अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और उनकी सुविधा को ध्यान में रखते हुए समापक भुगतान प्रक्रिया को सरल और तेज बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं।

इस अवसर पर मंडल के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे। मंडल रेल प्रबंधक ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों को उनके उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और उनके योगदान को सराहनीय बताया। रेलवे प्रशासन ने यह भी आश्वासन दिया कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।