संवाददाता, धनबाद: धनबाद मंडल ने वित्तीय वर्ष 2024-25 में माल ढुलाई और इससे होने वाली आय में भारतीय रेलवे में लगातार तीसरी बार शीर्ष स्थान हासिल किया है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर मंडल रेल प्रबंधक कमल किशोर सिन्हा ने हर्ष व्यक्त करते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी।
वित्तीय वर्ष 2024-25 में धनबाद मंडल ने 193.91 मिलियन टन माल लदान किया, जिससे 26,681.13 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। यह आंकड़ा पिछले वित्त वर्ष 2023-24 के 188.73 मिलियन टन की तुलना में 2.74 प्रतिशत अधिक है, जबकि राजस्व में भी 1.45 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। 2023-24 में यह राजस्व 26,301.19 करोड़ रुपये था।
धनबाद मंडल की इस सफलता ने रेलवे के माल ढुलाई क्षेत्र में इसकी प्रमुखता को और मजबूत किया है। मंडल प्रशासन का लक्ष्य है कि आने वाले वर्षों में भी यह सफलता बरकरार रखी जाए और माल लदान में और अधिक वृद्धि हो।