धनबाद विधायक राज सिन्हा ने मंगलवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर झारखंड प्रारंभिक विद्यालय प्रशिक्षित सहायक आचार्य संयुक्त परीक्षा 2023 के सामाजिक विज्ञान विषय के अभ्यर्थियों का लंबित परीक्षा परिणाम का मुद्दा उठाया।
लिखित मांग पत्र सौंपा
विधायक ने मुख्यमंत्री को लिखित मांग पत्र सौंपते हुए कहा कि सामाजिक विज्ञान विषय के कई अभ्यर्थी परीक्षा में सफल हुए हैं, लेकिन उनका परिणाम इस आधार पर लंबित रखा गया है कि उन्होंने वाणिज्य संकाय के लेखा समूह विषय से स्नातक की डिग्री प्राप्त की है। उन्होंने कहा कि सामाजिक विज्ञान और लेखा समूह में वास्तविक भिन्नता नहीं है।
आयोग के समक्ष रखा पक्ष
अभ्यर्थियों ने झारखंड कर्मचारी चयन आयोग के समक्ष भी यह पक्ष रखा है कि उन्होंने लेखा समूह ‘ए’ विषय से 3 वर्षीय स्नातक प्रतिष्ठा की है, जिसे नियमावली 2022 के अनुसार लेखाशास्त्र विषय के समान माना गया है। इस तथ्य की पुष्टि विनोबा भावे विश्वविद्यालय, हजारीबाग तथा रांची विश्वविद्यालय द्वारा निर्गत सत्यापित प्रमाणपत्रों से भी की गई है।
भविष्य को देखते हुए मांग
विधायक ने मुख्यमंत्री को सौंपे गए पत्र में उक्त प्रमाणपत्रों की प्रति संलग्न करते हुए छात्रों के भविष्य को ध्यान में रखकर इस मामले पर न्यायोचित कार्रवाई की मांग की है।