धनबाद। नगर निकाय चुनाव 2026 के मद्देनज़र मतदाताओं को जागरूक करने के उद्देश्य से बुधवार को जिला पंचायती राज पदाधिकारी श्री मुकेश कुमार बाउरी ने प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह प्रचार वाहन धनबाद नगर निगम एवं नगर परिषद चिरकुंडा क्षेत्र में भ्रमण कर मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक करेगा।
इस अवसर पर जिला पंचायती राज पदाधिकारी ने कहा कि लोकतंत्र में मतदान नागरिकों का सबसे बड़ा अधिकार और कर्तव्य है। उन्होंने धनबाद नगर निगम तथा नगर परिषद चिरकुंडा क्षेत्र के सभी मतदाताओं से अपील की कि वे 23 फरवरी को होने वाले मतदान के दिन अपने घरों से निकलकर अधिक से अधिक संख्या में मतदान करें और लोकतंत्र को मजबूत बनाने में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं।
उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा मतदाता जागरूकता बढ़ाने के लिए लगातार विभिन्न कार्यक्रमों और गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है, ताकि शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित किया जा सके। प्रचार वाहन के माध्यम से मतदान की तिथि, मतदान का महत्व और नागरिक जिम्मेदारियों की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाई जाएगी।

