धनबाद पुलिस को चेतन साव गोलीकांड में मिली बड़ी सफलता, प्रिंस खान का एक और गुर्गा गिरफ्तार

KK Sagar
2 Min Read

धनबाद। कारोबारी चेतन साव गोलीकांड मामले में धनबाद पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। गेंगस्टर प्रिंस खान के गुर्गे फजल उर्फ फैजल को यूपी के अलीगढ़ से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने फैजल की गिरफ्तारी के साथ ही घटना में प्रयुक्त सामग्री भी बरामद कर ली है। बरामदगी बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के कल्याणपुर इलाके से की गई।

पिस्टल और गोलियां बरामद

गिरफ्तार आरोपी फैजल अलीगढ़, यूपी का निवासी है। पुलिस ने उसके पास से एक पिस्टल, दो गोलियां और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। सिटी एसपी अजीत कुमार ने रविवार को बरवाअड्डा थाना में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि बरामद पिस्टल का इस्तेमाल चेतन साव पर गोली चलाने में किया गया था।

आरोपी के आपराधिक इतिहास का खुलासा

सिटी एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी फैजल पहले भी आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है। वह बाइक चोरी और नशे के कारोबार के मामलों में जेल जा चुका है। इसके अलावा उसके खिलाफ अन्य मामलों की जांच जारी है।

पहले भी गिरफ्तार हो चुके हैं छह गुर्गे

इससे पहले पुलिस ने प्रिंस खान के छह अन्य गुर्गों को गिरफ्तार किया था। इन गिरफ्तारियों के बाद चेतन साव गोलीकांड समेत तीन अन्य मामलों का खुलासा हुआ था।

पुलिस की कार्रवाई जारी, और गिरफ्तारियां संभावित

पुलिस ने बताया कि चेतन साव पर 13 दिसंबर को गोली चलाई गई थी। इस मामले में अब तक कई महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं, और कार्रवाई अभी जारी है। पुलिस ने संकेत दिया है कि इस केस में और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

TAGGED:
Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....