मिरर मीडिया संवाददाता, धनबाद: संविधान दिवस के अवसर पर धनबाद जिला पुलिस मुख्यालय के सभागार में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक नगर अजीत कुमार ने की। इस मौके पर पुलिस विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने के लिए संविधान की सामूहिक शपथ दिलाई गई।
इस अवसर पर सिटी एसपी अजीत कुमार ने कहा, “संविधान दिवस हर नागरिक को संविधान के प्रति सम्मान और इसे पालन करने के प्रति प्रेरित करने का दिन है। हमारा कर्तव्य है कि हम लोकतांत्रिक और संवैधानिक मूल्यों का हर परिस्थिति में सम्मान और पालन करें।” उन्होंने संविधान को देश की पहचान बताते हुए कहा कि यह किसी भी देश की राजनीतिक और सामाजिक संरचना का बुनियादी ढांचा है। उन्होंने सभी से संविधान के मूल्यों को अपनाने और देश में शांति, समृद्धि और उन्नति के लिए योगदान देने का आह्वान किया।
पुलिस अधीक्षक ग्रामीण कपील चौधरी ने कहा, “देश की एकता, अखंडता और प्रभुता को बनाए रखने के लिए संविधान का पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। भारतीय संविधान हमारे संस्थापकों और निर्माताओं के आदर्शों का प्रतिबिंब है।” उन्होंने भारतीय संविधान के निर्माण और इसे 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा द्वारा पारित किए जाने का उल्लेख करते हुए कहा कि यह भारतीय लोकतंत्र का आधार है और सभी नागरिकों को समानता का अधिकार प्रदान करता है।
कार्यक्रम के दौरान संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ किया गया और राष्ट्र की एकता व अखंडता बनाए रखने की शपथ ली गई। इस मौके पर पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय शंकर कामती सहित कई अन्य अधिकारी और जवान उपस्थित थे।
(रिपोर्ट: मिरर मीडिया ब्यूरो, धनबाद)