धनबाद – गर्मी में जल संकट से निपटने की तैयारी, जरूरत पड़ने पर टैंकर से होगी पानी की सप्लाई

KK Sagar
2 Min Read

धनबाद: गर्मी के मौसम में लोगों को पेयजल की समस्या न हो, इसे लेकर जिला प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है। इसी क्रम में सोमवार को समाहरणालय के सभागार में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी Aditya Ranjan की अध्यक्षता में जिला जल एवं स्वच्छता समिति की बैठक आयोजित की गई।

बैठक में उपायुक्त ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि गर्मी के दौरान संभावित जल संकट से निपटने के लिए प्रत्येक प्रखंड में एक विशेष टीम तैयार रखी जाए। साथ ही मुखिया और पंचायत सचिवों के साथ बैठक कर छोटी-मोटी तकनीकी खराबियों को स्थानीय मिस्त्री की मदद से तुरंत ठीक कराने की व्यवस्था करने को कहा गया।

उपायुक्त ने निर्देश दिया कि गर्मी के दिनों में हर पंचायत सचिवालय में कम से कम एक पानी का टैंकर अनिवार्य रूप से उपलब्ध रखा जाए। जहां भी पानी की कमी की स्थिति उत्पन्न होगी, वहां टैंकर के माध्यम से तुरंत पानी की आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। यह व्यवस्था शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में लागू रहेगी।

इसके अलावा बैठक में मौजूदा जल स्रोतों को दुरुस्त रखने, पाइपलाइन की मरम्मत कराने और जलापूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।

बैठक में उप विकास आयुक्त Sunny Raj, पीएचईडी प्रमंडल-1 के कार्यपालक अभियंता रंजीत कुमार, पीएचईडी प्रमंडल-2 के कार्यपालक अभियंता मुकेश कुमार मंडल, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी स्नेह कश्यप सहित सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी उपस्थित थे।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....