संवाददाता, धनबाद: मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, धनबाद में मंगलवार को संरक्षा पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर धनबाद मंडल के मंडल रेल प्रबंधक कमल किशोर सिन्हा द्वारा मंडल के 25 कर्मचारियों को जनवरी 2025 माह में उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए संरक्षा पुरस्कार प्रदान किया गया।
इन कर्मचारियों ने धनबाद मंडल के विभिन्न खंडों में रेल फ्रैक्चर, हॉट एक्सल तथा अन्य संरक्षा संबंधी कार्यों की पहचान कर संभावित दुर्घटनाओं और परिचालन संबंधी समस्याओं को टालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके प्रयासों से रेलवे के सुरक्षित संचालन में सुधार हुआ है।

पुरस्कार वितरण समारोह के दौरान मंडल के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे। मंडल रेल प्रबंधक ने कर्मचारियों के समर्पण और सतर्कता की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी इसी तरह कार्य करने के लिए प्रेरित किया।