धनबाद: भारतीय रेल मंत्रालय ने शनिवार को अहम फैसला लेते हुए अखिलेश मिश्रा को धनबाद रेल मंडल का नया मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) नियुक्त किया है। वे वर्तमान डीआरएम कमल किशोर सिन्हा की जगह लेंगे। अखिलेश मिश्रा भारतीय रेलवे मैकेनिकल इंजीनियर्स सेवा (आईआरएसएमई) के 1995 बैच के अधिकारी हैं और फिलहाल भारतीय खाद्य निगम में कार्यकारी निदेशक (कार्मिक) के पद पर कार्यरत थे।
कमल किशोर सिन्हा के कार्यकाल की प्रमुख उपलब्धियां
निवर्तमान डीआरएम कमल किशोर सिन्हा के नेतृत्व में धनबाद रेल मंडल को कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां मिलीं। उनके कार्यकाल में धनबाद से कोयंबटूर, दिल्ली होते हुए जम्मू और मुंबई के लिए नई ट्रेनें शुरू की गईं। इसके अलावा, लंबे समय से बंद पड़ी धनबाद-चंद्रपुरा पैसेंजर ट्रेन को भी फिर से चालू किया गया, जिससे यात्रियों को बड़ी राहत मिली।
रेल मंडल के विकास को मिलेगी नई गति
नए डीआरएम के रूप में अखिलेश मिश्रा के कार्यभार संभालने के बाद रेल मंडल के विकास और यात्री सुविधाओं में और सुधार की उम्मीद की जा रही है। रेल मंत्रालय ने मिश्रा की नियुक्ति को धनबाद मंडल के लिए एक सकारात्मक कदम बताया है।