धनबाद के झारखंड मैदान के समीप उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एफसीआई का एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर अभय सुंदरी गर्ल हाई स्कूल की बाउंड्री दीवार तोड़ते हुए सड़क किनारे स्थित दो–तीन दुकानों को क्षतिग्रस्त कर फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया।
लोगों ने किया सड़क जाम
घटना से गुस्साए स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर जमकर हंगामा किया। प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि फरार ट्रक को अविलंब पकड़ा जाए और रात 11 बजे से सुबह तक भारी वाहनों के आवागमन पर पूरी तरह रोक लगाई जाए। सड़क जाम के कारण घंटों यातायात बाधित रहा और क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बना रहा।
दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी मनोज पांडे मौके पर पहुंचे और आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर स्थिति को नियंत्रित किया। उन्होंने आश्वासन दिया कि मामले में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
भारी वाहनों की आवाजाही पर सख्त नियंत्रण की मांग
स्थानीय नागरिकों ने क्षतिग्रस्त दुकानदारों को उचित मुआवजा देने और भारी वाहनों की आवाजाही पर सख्त नियंत्रण की मांग उठाई। लोगों का आरोप है कि रात के समय कम उम्र के चालक तेज रफ्तार और ओवरलोड गाड़ियां चलाते हैं, जिसकी गंभीरता से जांच होनी चाहिए।
एफसीआई की कई ओवरलोड गाड़ियां गुजरने की बात
बताया जा रहा है कि रोजाना रात करीब 9 बजे के बाद एफसीआई की ओवरलोड गाड़ियां बरमसिया होते हुए हीरापुर मार्ग से गुजरती हैं, जिससे हादसों की आशंका बनी रहती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
इसी ट्रक (वाहन संख्या WB 53C 1664) ने आगे चलकर अमितेश सहाय की कार को भी टक्कर मार दी। हालांकि चालक की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया। सूचना पर बरवाअड्डा थाना पुलिस ने ट्रक को पकड़ने के लिए बैरिकेडिंग की, लेकिन ट्रक चालक बैरिकेड तोड़ते हुए भागने लगा। कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने ट्रक को पकड़ लिया है और मामले की जांच तेज कर दी गई है।

