मिरर मीडिया, संवाददाता Dhanbad: आज बुधवार को सिंदरी विधानसभा अंतर्गत गोविंदपुर पूर्वी मंडल देवली में धनबाद जिला ग्रामीण के पूर्व मंत्री अमर चंद्र मंडल की अध्यक्षता में एक बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में धनबाद जिला ग्रामीण के नव नियुक्त जिला अध्यक्ष घनश्याम ग्रोवर के खिलाफ विरोध की आवाज़ें बुलंद हुईं।
पूर्व जिला उपाध्यक्ष रामनरायण भगत ने आरोप लगाया कि जिला अध्यक्ष बनने के बाद से घनश्याम ग्रोवर ने जिला कमेटी में अपने मनमानी तरीके से अपने लोगों को प्रमुख स्थान दिया है। उन्होंने कहा कि पुराने कार्यकर्ताओं में भारी असंतोष है, और यह आरोप भी लगाया कि घनश्याम ग्रोवर ने पैसे लेकर पद बांटे हैं। भगत ने यह भी कहा कि जो लोग पहले पार्टी विरोधी गतिविधियों के कारण निष्कासित किए गए थे, उन्हें भी अब कमेटी में पदाधिकारी बनाया गया है।
बैठक में भाजपा के वरिष्ठ नेता विपिन दा ने प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी से मांग की कि इस कमेटी को भंग कर पुनः विचार कर नई कमेटी बनाई जाए, ताकि आने वाले विधानसभा चुनाव में पार्टी की जीत सुनिश्चित हो सके।
इस विरोध सभा में गोविंदपुर पूर्वी मंडल के पूर्व अध्यक्ष सुबोध सिंह, पश्चिमी मंडल के पूर्व अध्यक्ष अजय गिरी, जिला मंत्री फिरोज दत्त, पूर्व कोषाध्यक्ष पीयूष तिवारी, गोविंदपुर पश्चिम उपाध्यक्ष वीरेंद्र गिरी, ओबीसी मोर्चा के मंडल अध्यक्ष निर्मल कुमार, ओबीसी मोर्चा के मंडल महामंत्री अवधेश कुमार, मंडल सोशल मीडिया प्रभारी अनिल विश्वकर्मा, संजय मंडल, कृष्ण कुमार मंडल, बहादुर मंडल, संजय मिस्त्री, पप्पू मंडल और कृष्ण कुमार समेत दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित थे।