धनबाद के कलाकार राजीब अग्रवाल ने बढ़ाया जिले का मान, राज्यस्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता में दूसरा स्थान

KK Sagar
2 Min Read

‘उलगुलान’ थीम पर बनाई शानदार पेंटिंग, झारखंड पर्यटन विभाग ने किया सम्मानित

धनबाद के युवा कलाकार राजीब अग्रवाल ने राज्यस्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है। झारखंड पर्यटन विभाग एवं झारखंड सरकार द्वारा भगवान बिरसा मुंडा शहादत दिवस के अवसर पर आयोजित “उलगुलान” विषयक चित्रकला प्रतियोगिता में उन्होंने द्वितीय स्थान हासिल किया।

प्रतियोगिता का विषय “भगवान बिरसा मुंडा और उलगुलान विद्रोह” था। इसमें राज्यभर के कलाकारों ने भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, आदिवासी अस्मिता और स्वतंत्रता आंदोलन में उनके योगदान को अपनी कला के माध्यम से प्रस्तुत किया। राजीब अग्रवाल की कलाकृति को निर्णायकों ने बेहद सराहा और उन्हें दूसरा स्थान प्रदान किया गया।

इस उपलब्धि पर राजीब अग्रवाल को प्रशस्ति-पत्र के साथ होटल पर्यटन विहार, रामगढ़ में एक दिन के निःशुल्क प्रवास का पुरस्कार भी दिया गया।

राजीब अग्रवाल ने अपनी सफलता का श्रेय अपने परिवार, गुरुजनों, शुभचिंतकों और झारखंड की समृद्ध कला एवं सांस्कृतिक विरासत को दिया। उन्होंने कहा कि आगे भी अपनी कला के माध्यम से झारखंड के इतिहास, संस्कृति और महापुरुषों को लोगों तक पहुंचाने का प्रयास जारी रखेंगे।

राजीब की इस उपलब्धि पर कला प्रेमियों, सामाजिक संगठनों और धनबादवासियों ने उन्हें बधाई देते हुए इसे जिले के लिए गर्व का क्षण बताया।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....