धनकुबेर कार्यपालक अभियंता! दरभंगा से पटना तक बनाई अकूत प्रॉपर्टी, निगरानी ने कसा शिकंजा

Neelam
By Neelam
2 Min Read

बिहार में भ्रष्ट अफसरों का एक्शन जारी है। भ्रष्टाचार के खिलाफ सरकार की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। निगरानी विभाग ने दरभंगा से ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता बालेश्वर राम पर बड़ी कार्रवाई की है। 

आय से अधिक संपत्ति के एक मामले में शुक्रवार को सबसे पहले बिरौल स्थित ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यालय में दबिश दी। इस दौरान दरभंगा में ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता बालेश्वर राम को निगरानी की विशेष इकाई की टीम ने गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद निगरानी टीम उन्हें दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में मेडिकल जांच कराने के उपरांत पटना अपने साथ ले गई।

अवैध तरीके से अकूत संपत्ति जमा की

जानकारी के मुताबिक बालेश्वर राम पर पटना, दरभंगा समेत अन्य जिलों में 90 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति अर्जित करने का आरोप है। यह संपत्ति उनकी ज्ञात आय के अनुपात से ज्यादा बताई जा रही है। इसी आधार पर निगरानी विभाग ने उनके खिलाफ कार्रवाई शुरू की।

छापेमारी में अहम कागजात बरामद

पटना में दर्ज कांड संख्या 14/26 के तहत यह कार्रवाई की गई है। छापेमारी के दौरान आवास से कई महत्वपूर्ण दस्तावेज, बैंक पासबुक और जमीन के कागजात बरामद किए गए हैं, जिनकी गहनता से जांच की जा रही है।

Share This Article