रांची। मशहूर फिल्म निर्देशक अनुभव सिन्हा अपनी आगामी फिल्म ‘अस्सी’ के प्रमोशन के सिलसिले में रांची पहुँचे। बॉलीवुड में ‘मुल्क’, ‘आर्टिकल 15’, ‘थप्पड़’ और ‘रावण’ जैसी चर्चित और सशक्त फिल्मों का निर्देशन कर चुके अनुभव सिन्हा ने शहर में मीडिया से बातचीत करते हुए अपनी नई फिल्म को लेकर कई बातें साझा कीं।
मीडिया से बातचीत के दौरान अनुभव सिन्हा ने कहा कि फिल्म ‘अस्सी’ पूरी तरह से मनोरंजन से भरपूर है और इसे खास तौर पर कमर्शियल दर्शकों को ध्यान में रखकर बनाया गया है। उन्होंने बताया कि इस फिल्म में दर्शकों को हँसी, मनोरंजन और कहानी का पूरा पैकेज देखने को मिलेगा।
अनुभव सिन्हा ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि वे बड़ी संख्या में सिनेमाघरों तक पहुँचकर फिल्म देखें और भारतीय सिनेमा को सपोर्ट करें। उन्होंने भरोसा जताया कि ‘अस्सी’ दर्शकों को जरूर पसंद आएगी और उन्हें निराश नहीं करेगी।
उन्होंने यह भी कहा कि हर फिल्म का अपना उद्देश्य होता है और इस बार उनका मकसद दर्शकों को पूरी तरह एंटरटेन करना है। रांची में फिल्म के प्रमोशन के दौरान प्रशंसकों और सिनेप्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
अनुभव सिन्हा की मौजूदगी से शहर का माहौल फिल्मी रंग में रंगा नजर आया और लोग उनकी नई फिल्म को लेकर उत्साहित दिखे।

