जमशेदपुर : जिला समाज कल्याण पदाधिकारी पूर्वी सिंहभूम द्वारा संप्रेक्षण गृह व बाल गृह घाघीडीह जमशेदपुर का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के क्रम में संप्रेक्षण गृह में कुल 90 किशोर व बाल गृह में कुल 22 बच्चे उपस्थित पाए गए।निरीक्षण के दौरान बाल गृह में उपस्थित बच्चें पढ़ाई कर रहे थे। बच्चों से बातचीत की गई व उनकी आवश्यकता से संबंधित जानकारी ली गई।
पुस्तकालय स्थापित करने के लिए कक्ष के निर्माण, डाइनिंग रूम का रंग रोगन व टाइल्स लगाने का कार्य संचालित पाया गया है। सभी कर्मी उपस्थित पाए गए। संप्रेक्षण गृह व बाल गृह का पूरा परिसर साफ सुथरा रखने व समय तालिका के अनुरूप बच्चों का व्यायाम, खानपान, पढ़ाई, खेलकूद आदि का नियम के अनुकूल संचालन करने का निर्देश दिया गया। संप्रेक्षण गृह व बाल गृह के आवंटन में बच्चों के खाना में राशि की वृद्धि होने के अनुरूप मेन्यू में सुधार करते हुए अविलंब लागू करने का निर्देश दिया गया। साथ ही मेन्यू से संबंधित जानकारी जिला कार्यालय को भी उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।