राष्ट्रीय टीकाकरण दिवस अभियान को लेकर जिला टास्क फोर्स की बैठक आयोजित

KK Sagar
2 Min Read

28 से 30 जून तक चलने वाले पल्स पोलियो अभियान के सफल संचालन हेतु उपायुक्त ने दिए आवश्यक निर्देश

रामगढ़: उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता में शुक्रवार को जिला टास्क फोर्स (DTF) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी 28 जून से 30 जून 2026 तक आयोजित होने वाले राष्ट्रीय टीकाकरण दिवस (NID) अभियान की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान अभियान के सफल संचालन एवं शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्ति को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में जानकारी दी गई कि राष्ट्रीय टीकाकरण दिवस अभियान के तहत जिले के कुल 1,71,477 बच्चों को पोलियो रोधी खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान के माध्यम से यह सुनिश्चित किया जाएगा कि जिले का कोई भी पात्र बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे।

बैठक में प्रभारी सिविल सर्जन डॉ. स्वराज, डीआरसीएचओ डॉ. ठाकुर मृत्युंजय कुमार सिंह, विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के प्रतिनिधि डॉ. अमरेंद्र कुमार, जिले के सभी प्रखंडों के चिकित्सा पदाधिकारी (MOIC), डीपीएमयू, बीपीएमयू, सीएचओ, क्यूसी, डीपीसी आयुष्मान, आरसी-आईईसी, वीसीसीएम, बीएएम, बीडीएम सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

उपायुक्त ने अभियान की निगरानी व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने सभी प्रभारी पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रूप से कार्य करने तथा अभियान की सतत मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने विशेष रूप से ‘एक्स’ (छूटे हुए घरों एवं बच्चों) के कन्वर्जन पर ध्यान केंद्रित करने का निर्देश दिया, ताकि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक लेने से वंचित न रह जाए। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुए अभियान को सफल बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।

बैठक में अभियान के माइक्रोप्लान, बूथ संचालन, टीम गठन, पर्यवेक्षण व्यवस्था तथा जन-जागरूकता गतिविधियों की भी समीक्षा की गई।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....