सहारा निवेशकों के लिए डबल राहत : करोड़ों रिफंड के बाद अब 10 लाख तक क्लेम का मौका, 45 दिन में भुगतान

KK Sagar
3 Min Read

सहारा इंडिया में फंसे पैसों को लेकर सरकार ने बड़ा अपडेट दिया है। एक तरफ जहां 40 लाख से ज्यादा निवेशकों को 8,800 करोड़ रुपये वापस किए जा चुके हैं, वहीं अब जिन लोगों का क्लेम रिजेक्ट या पेमेंट फेल हुआ था, उन्हें दोबारा आवेदन का मौका दिया गया है।

केंद्रीय सहकारिता मंत्री Amit Shah के अनुसार, CRCS-Sahara Refund Portal पर अब तक 1.45 करोड़ आवेदन और 4.06 करोड़ दावे दर्ज किए जा चुके हैं। सही पाए गए आवेदनों पर प्रति निवेशक 50,000 रुपये तक की राशि सीधे बैंक खाते में भेजी जा चुकी है।

अब सरकार ने एक बड़ा फैसला लेते हुए Resubmission Portal शुरू किया है। जिन निवेशकों के आवेदन में गलती, दस्तावेजों की कमी या पेमेंट फेल जैसी समस्या आई थी, वे अब अपनी त्रुटि सुधारकर दोबारा क्लेम जमा कर सकते हैं।

10 लाख तक क्लेम का नया मौका:

नई व्यवस्था के तहत अब निवेशक 10 लाख रुपये तक के कुल क्लेम के लिए री-सबमिशन कर सकते हैं। पहले केवल छोटे अमाउंट वाले क्लेम पर ही भुगतान हो रहा था, लेकिन अब दायरा बढ़ा दिया गया है, जिससे ज्यादा लोगों को फायदा मिलेगा।

45 कार्य दिवस में मिलेगा पैसा:

सरकार के मुताबिक, दोबारा जमा किए गए क्लेम को 45 कार्य दिवस के भीतर प्रोसेस किया जाएगा। आवेदन की जांच 30 दिनों में पूरी होगी और इसके बाद 15 दिनों के अंदर भुगतान या निर्णय की जानकारी दी जाएगी।

प्रक्रिया और जरूरी शर्तें:

क्लेम करने के लिए आधार से लिंक मोबाइल नंबर और बैंक खाता अनिवार्य है। साथ ही निवेश से जुड़े सभी जरूरी दस्तावेज पोर्टल पर अपलोड करने होंगे। सरकार चरणबद्ध तरीके से प्रक्रिया चला रही है, ताकि पोर्टल पर ज्यादा दबाव न पड़े।

सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर कार्रवाई:

इस पूरी प्रक्रिया की शुरुआत Supreme Court of India के 29 मार्च 2023 के आदेश के बाद हुई थी, जिसमें ‘सहारा-सेबी रिफंड खाते’ से 5,000 करोड़ रुपये केंद्रीय रजिस्ट्रार को ट्रांसफर करने को कहा गया था। अब लक्ष्य 31 दिसंबर 2026 तक ज्यादा से ज्यादा निवेशकों को पैसा लौटाने का है।

सरकार के इस नए कदम से उन लाखों निवेशकों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है, जिनका पैसा अब तक अटका हुआ था या जिनके क्लेम में तकनीकी खामियां रह गई थीं।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....