डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर: लौहनगरी में नशे के सौदागरों के खिलाफ पुलिस ने अपना शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। ताजा मामले में सोनारी थाना पुलिस ने एक गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर नशा तस्करी के बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मौके से एक महिला और तीन युवकों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस को 1 अप्रैल की रात गुप्त सूचना मिली थी कि सोनारी के दोमुहानी पुल के पास ब्राउन शुगर की बड़ी खेप की खरीद-बिक्री होने वाली है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए सीसीआर डीएसपी के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने जब मौके पर दबिश दी, तो वहां नशीले पदार्थो का सौदा कर रहे चार लोगों को दबोच लिया गया।
बरामदगी और आरोपियों की पहचान
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से 43 पुड़िया ब्राउन शुगर, 6 हजार रुपये नकद बरामद किया गया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में भारती केवट (40 वर्ष), विशाल केवट (20 वर्ष), रिशु साहू (29 वर्ष), कुमार बहादुर (32 वर्ष) शामिल है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था वीडियो
जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि ये आरोपी काफी समय से शहर में नशे का जाल फैला रहे थे। हाल ही में इनका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ था, जिसमें इन्हें खुलेआम नशीले पदार्थ बेचते हुए देखा गया था। पुलिस तभी से इनकी तलाश में जुटी थी।
पुलिस का सख्त रुख
मामले की जानकारी देते हुए सीसीआर डीएसपी मनोज कुमार ठाकुर ने बताया कि शहर को नशामुक्त बनाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने साफ चेतावनी दी है कि नशे के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और आने वाले दिनों में ऐसी और भी सख्त कार्रवाइयां देखने को मिलेंगी। फिलहाल सभी चारों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और पुलिस इनके पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी है।

