नशे में धुत्त पड़ोसी की दबंगई, मात्र खटिया पर बैठने से मना किया तो पड़ोसी को पीट-पीटकर मार डाला

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्कजमशेदपुर : मामूली सी बात पर इंसान की जान कितनी सस्ती हो गई है, इसका रोंगटे खड़े कर देने वाला उदाहरण सुंदरनगर थाना क्षेत्र के गोड़ाडीह गांव में देखने को मिला। महज एक खटिया पर बैठने के विवाद ने ऐसा तूल पकड़ा कि एक शख्स ने अपने ही पड़ोसी की बेरहमी से पिटाई कर जान ले ली।

क्या है पूरा मामला?

​मिली जानकारी के अनुसार, गोड़ाडीह निवासी परमेश्वर सिंह (40 वर्ष) अपने घर के बाहर रखी खटिया पर बैठे थे। इसी दौरान उनका पड़ोसी रूद्राई हो, जो शराब के नशे में बुरी तरह धुत्त था, वहां पहुंचा और बिना पूछे परमेश्वर की खटिया पर बैठ गया। जब परमेश्वर ने इस पर आपत्ति जताई और उसे टोकने की कोशिश की, तो नशे में डूबे रूद्राई ने आपा खो दिया। देखते ही देखते मामूली बहस खूनी संघर्ष में बदल गई।

लात-घूंसों से किया जानलेवा हमला

​विवाद इतना बढ़ा कि रूद्राई ने परमेश्वर पर हमला बोल दिया। उसने परमेश्वर के सिर और शरीर के नाजुक हिस्सों पर लात-घूंसों और मुक्कों की बौछार कर दी। हमला इतना जोरदार था कि परमेश्वर बेसुध होकर जमीन पर गिर पड़े। आनन-फानन में परिजन उन्हें सदर अस्पताल ले गए, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस की कार्रवाई: आरोपी गिरफ्तार

​घटना की गंभीरता को देखते हुए सुंदरनगर थाना प्रभारी अजीत कुमार तुरंत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आरोपी रूद्राई हो को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी वारदात के वक्त नशे की हालत में था। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। झड़प के दौरान आरोपी को भी मामूली चोटें आई हैं, जिससे पूछताछ जारी है।

Share This Article