मंडी: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में रविवार सुबह भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए, जिससे लोगों में अफरा-तफरी मच गई। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार, यह झटके सुबह करीब 8:45 बजे आए और रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 3.7 मापी गई।
भूकंप का केंद्र जमीन से 7 किमी की गहराई में था। जैसे ही झटके महसूस हुए, घबराए हुए लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। हालांकि, अब तक किसी तरह के जान-माल के नुकसान की खबर नहीं मिली है।
राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र ने इस घटना की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर साझा की। स्थानीय प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।